टीकमगढ़ जिले के जतारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत उदयपुरा गांव में बीती रात एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान तुलाराम प्रजापति के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह हनुमान जयंती की रैली से लौटने के बाद गांव के एक चबूतरे पर सो रहा था। इसी दौरान गांव के चार लोगों ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला किया और फिर गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ये भी पढ़ें- परिवार को जिंदा जलाने का प्रयास, खिड़की से पेट्रोल डाल लगाई आग, तीन बच्चों समेत पांच लोग झुलसे
घटना की सूचना मिलते ही जतारा थाना पुलिस, एसडीओपी अभिषेक गौतम और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी। पुलिस मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों के बयान दर्ज कर रही है। परिजनों का आरोप है कि हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस घटना के संबंध में टीकमगढ़ पुलिस अधीक्षक से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
ये भी पढ़ें- प्रधानाध्यापक को कलेक्टर ने किया बर्खास्त, स्कूल में महिला के साथ वायरल हुआ था वीडियो
जिले में अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा
टीकमगढ़ जिले में लगातार अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। बीते 24 घंटे में यह तीसरी बड़ी वारदात है। इससे पहले एक महिला के परिवार को पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किया गया और जिला अस्पताल में दो लोगों पर एक दर्जन से अधिक लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इन मामलों में भी आरोपी अब तक फरार हैं और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।