टीकमगढ़ जिले के कटेरा गांव में बीती रात्रि शराब ठेकेदार के गुंडों द्वारा जमकर उत्पात किया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने उनके साथ मारपीट कर दी। घायल जिला अस्पताल में भर्ती हैं, वहीं शराब ठेकेदार के गुंडों ने ग्रामीणों पर बंदूक और रुपया लूटने का आरोप लगाया है।
टीकमगढ़ जिले के देहात पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले मजना गांव में बीती रात करीब 11 बजे के आसपास शराब ठेकेदार बल्देवगढ़ के गुंडे कुछ अवैध शराब सप्लाई करने के लिए बोलेरो से पहुंचे थे। इस पर ग्रामीण गुस्सा गए और ग्रामीणों ने पकड़कर के उनकी जमकर धुनाई लगा दी। इसके बाद शराब ठेकेदार के गुंडे देहात पुलिस थाने पहुंचे। वे सब शराब के नशे में थे। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
शराब ठेकेदार के मैनेजर रवि ने बताया कि ये सभी लोग बोलेरो वाहन से मजना आबकारी दुकान से कैश लेकर के बल्देवगढ़ जा रहे थे तभी कटेरा गांव के पास ग्रामीणों ने घेर लिया और उनके साथ मारपीट कर दी। एक प्राइवेट गनर की राइफल छीन कर ले गए और तीन लाख का कैश लूट लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से शराब ठेकेदार के गुंडे गांव में आकर के अबैध शराब रखते हैं जिसका लगातार विरोध किया जा रहा है और कई बार प्रशासन को भी लिखित में दिया गया है, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि शराब ठेकेदार द्वारा हर गांव में अवैध शराब भेज करके किराने की दुकान की तरह दुकान संचालित कराई जा रही है, जिससे हमारे गांव का माहौल बिगड़ रहा है और लोग बर्बाद हो रहे हैं।
देहात पुलिस थाने के प्रभारी रवि गुप्ता ने बताया कि बीती रात्रि कुछ लोग घायल अवस्था में आए थे, जिन्हें तुरंत टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। उन्होंने कहा कि सभी लोग शराब के नशे में थे और अपने आप को शराब ठेकेदार के कर्मचारी बता रहे थे। उन्होंने कहा कि क्योंकि सभी लोगों ने शराब पी रखी थी, इसलिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और अस्पताल से मेमो मिलने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी। जब उनसे लूट की घटना के संबंध में बात की गई तो उन्होंने कहा कि अभी कोई निश्चित नहीं है, क्योंकि शराब के ठेकेदार ग्रामीण अंचल में अवैध शराब की सप्लाई करते हैं जिस कारण से ग्रामीण नाराज थे और उन्होंने मारपीट की है लूट की कोई घटना नहीं हुई है।