रविवार देर रात टीकमगढ़ शहर के चकरा तिराहे के पास पुलिस टीम ने छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस टीम ने बड़ी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, टीकमगढ़ शहर के चकरा तिराहे के पास देवी जी मंदिर के सामने बने एक तीन मंजिला मकान पर रात्रि करीब 11:30 बजे पुलिस टीम ने छापा मारा। इस दौरान बड़ी मात्रा में काशीराम ब्रांड के पटाखे बरामद किए गए। बताया गया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर के बीच बस्ती में अवैध पटाखों का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चकरा तिराहे के आगे देवी जी मंदिर के सामने जितेंद्र साहू के तीन मंजिला मकान पर छापा मारा और पूरे घर की तलाशी ली। पुलिस ने बताया कि जितेंद्र साहू ने बिना लाइसेंस के अवैध पटाखों का भंडारण किया था, जिससे जनहानि की आशंका बनी हुई थी और कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। पुलिस टीम ने छापा मारकर 6 बोरी अवैध पटाखे बरामद किए हैं।
घर के अंदर छिपा कर रखे गए थे पटाखे
कोतवाली पुलिस ने बताया कि पटाखे घर के एक कमरे में छिपाकर रखे गए थे, और परिवार के लोग भी उसी मकान में रहते थे। ऐसे में किसी बड़े हादसे की संभावना बनी हुई थी। पुलिस टीम ने सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए 6 बोरी अवैध पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने कहा कि आरोपी जितेंद्र साहू के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पूर्व में हो चुके हैं हादसे
टीकमगढ़ शहर में पहले भी विस्फोट के कारण कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है। इसी को ध्यान में रखते हुए नवागत पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने टीकमगढ़ जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि जहां भी अवैध पटाखों का भंडार हो, वहां तुरंत कार्रवाई की जाए। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने बीती रात छापा मारकर कार्रवाई की है।