एक लालच से जुड़ा एक मामला मध्यप्रदेश के उर्जाधानी सिंगरौली जिले से सामने आया है, जहां 65 साल के एक बुजुर्ग व्यक्ति ने पैसे कमाने की चाह में अपने घर में अफीम की खेती कर ली। बताया जा रहा है कि आरोपी ने भारत सरकार की मिनी रत्न कोल इंडिया की कंपनी एनसीएल में 40 सालों तक अपनी सेवाएं दी, रिटायरमेंट के बाद वह अपने खेत मे अफीम की खेती करने लगा। पुलिस को जैसे ही इसकी भनक लगी, तो छापा मारा गया। पुलिस ने उसके घर के बाउंड्री से 450 नग अफीम के पौधों को बरामद किया है, जिसका बाजार मूल्य 1 लाख रुपए से ज्यादा का बताया जा रहा है।
यह पूरा मामला सिंगरौली जिले के माड़ा थाना इलाके के धनहरा गांव का है, आरोपी गोवर्धन जायसवाल एनसीएल कोल इंडिया की कंपनी से रिटायरमेंट कर्मचारी है। सिंगरौली पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने बताया कि अवैध मादक पदार्थो की तस्करी एवं संग्रहण और खेती में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ लगातार ऑपरेशन प्रहार चलाया जा रहा है। इसी दौरान बीते दिन यानी 25 फ़रवरी को मुखबिर द्वारा माडा थाना क्षेत्र के ग्राम धनहरा निवासी सेवानिवृत एनसीएल कर्मी गोवर्धन प्रसाद जायसवाल पिता सीताराम जायसवाल उम्र 65 वर्ष द्वारा अपने घर के पीछे अवैध अफीम की खेती करने की सूचना प्राप्त हुई। इसकी टीम गठित कर एसडीओपी मोरवा कृष्ण कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में ड्रोन कैमरे से वीडियो व फोटो लेकर जांच की गई। इसमें लगभग 450 नग अफीम के पौधे लगे हुए थे। आरोपी सेवानिवृत एनसीएल कर्मी के घर छपामार कार्रवाई कर अफीम के पौधों के साथ गिरफ्तार कर जब्ती की गई। जब्त पौधों की बाजार मूल्य एक लाख रुपये आकी गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।