सीधी जिला अस्पताल एक बार फिर सवालों के घेरे में है। ग्राम सर्रा, थाना चुरहट निवासी गनेश केवट की पत्नी पूजा केवट (34) की ऑपरेशन के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने जिला अस्पताल के डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। घटना के बाद जिला अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा, जिसे नियंत्रित करने के लिए कोतवाली पुलिस बल को तैनात किया गया।
ये भी पढ़ें- दलित से सामूहिक दुष्कर्म: प्रेमी को मारकर छीन ले गए प्रेमिका, जंगल में युवती चीखती रही; दरिंदे लूटते रहे अस्मत
गनेश केवट ने पुलिस को दी गई मौखिक रिपोर्ट में बताया कि वह 4 अगस्त की दोपहर लगभग 2 बजे पत्नी पूजा को प्रसव पीड़ा के कारण जिला अस्पताल लेकर पहुंचा था। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद बताया कि पूजा के पेट में दो बच्चे हैं और सोनोग्राफी के लिए मिश्रा नर्सिंग होम भेजा गया। वहां से रिपोर्ट आने के बाद डॉक्टर ने बताया कि एक बच्चा उल्टा है, इसलिए ऑपरेशन करना पड़ेगा। साथ ही खून की व्यवस्था करने को कहा गया। परिजनों ने दो यूनिट खून उपलब्ध कराया।
ये भी पढ़ें- उज्जैन में कांग्रेसियों ने फूंक दिया स्मार्ट मीटर का पुतला, बताया शहरवासियों से लूट का जरिया
ऑपरेशन के बाद एक बच्ची का जन्म हुआ जो पूरी तरह स्वस्थ बताई जा रही है, लेकिन ऑपरेशन के बाद पूजा की हालत बिगड़ने लगी। परिजनों के अनुसार, टांके लगाने के बाद पूजा तड़पने लगी और उसका बीपी तेजी से गिर गया। डॉक्टरों ने बताया कि ज्यादा खून बहने के कारण बच्चेदानी निकालनी पड़ेगी। उन्होंने कई बार आश्वस्त किया कि स्थिति सामान्य है, लेकिन शाम 9 बजे पूजा की मौत हो गई।परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी कोतवाली कन्हैयालाल बघेल ने बताया कि घटना को शून्य (0) में दर्ज किया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।