शाजापुर जिले के ग्राम सनकोटा में फोरलेन पर एक मासूम बच्चे का शव मिला है, जिसकी उम्र तीन-चार महीने बताई जा रही है। रविवार सुबह करीब 11:30 बजे फोरलेन सड़क पर लोगों ने मासूम बच्चे को बेसुध हालत में पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
तराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से बच्चे के बारे में जानकारी ली, लेकिन किसी ने भी बच्चे को पहचानने से इनकार कर दिया। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। इस घटना से ग्राम सनकोटा में सनसनी फैल गई और मौके पर गांव के कई लोग एकत्रित हो गए। तराना थाने केसी रामेश्वर जाट ने बताया कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है, उसे सड़क किनारे फेंकने वालों की तलाश की जा रही है।
जिंदा फेंका गया या लाश?
ग्राम सनकोटा में फोरलेन सड़क के पास मासूम बच्चे का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बच्चे को जिंदा सड़क किनारे फेंका गया था या फिर उसका शव ही वहां छोड़ा गया। तराना थाना पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
नीले पड़ गए मासूम के होंठ
इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ऐसे में सड़क किनारे मिले मासूम बच्चे के शव के होंठ नीले पड़ गए थे और चेहरे पर भी नीलापन दिखाई दे रहा था।