फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP News: शाजापुर में मंदिर आरती के वक्त तोलाराम कचौरी वाले का निधन, पीएम मोदी ने चुनाव में किया था जिक्र

Thu, 29 Aug 2024 10:01 PM IST
शाजापुर ब्यूरो न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, शाजापुर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाजापुर की कचौरी के स्वाद के मुरीद हैं और भरी सभा में जिसकी उन्होंने तारीफ की थी, उन तोलाराम कचौरी वाले का गुरुवार को निधन हो गया। उनका निधन भी बड़ा मार्मिक घटनाक्रम है। वह गुरुवार को शाजापुर के नित्यानंद आश्रम में भागवत कथा में आरती के समय भगवान के जयकारे लगा रहे थे। उसी वक्त वह बेसुध होकर गिर पड़े। कार्यक्रम में मौजूद अन्य लोग उन्हें जिला अस्पताल शाजापुर लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

बता दें कि शाजापुर निवासी 70 वर्षीय तोलाराम प्रजापति अपनी कचौरी के स्वाद से प्रसिद्ध रहे। विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाजापुर आए थे। उन्होंने बापू की कुटिया क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित किया था। इस जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तोलाराम की कचौरी के स्वाद का भी उल्लेख किया था। उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा था कि मैं जानता हूं, शाजापुर वालों के लिए सब काम बाद में और तोलाराम की कचौरी सबसे पहले। बोले थे कि वह पुराने समय में जब शाजापुर आते थे, तब का स्वाद उन्हें अब तक याद है।

कुछ दिन पहले ही शुरू की थी फिर से दुकान
तोलाराम प्रजापति द्वारा शाजापुर के नई सड़क पर कई वर्ष तक कचौरी की दुकान संचालित की गई। किंतु बीते कुछ वर्षों से यह दुकान बंद थी। पिछले दिनों 18 अगस्त को ही शाजापुर शहर के महाराणा प्रताप चौराहे पर फिर से तोलाराम प्रजापति द्वारा दुकान का संचालन प्रारंभ किया गया था। उम्र अधिक होने के कारण वह ज्यादा समय तो दुकान पर नहीं आते थे। किंतु शाम के समय जरूर वह दुकान पर मौजूद रहते थे। बाकी टाइम उनके बेटे दुकान संभालते थे।

सोशल मीडिया पर चला श्रद्धांजलि देने का दौर
गुरुवार दोपहर को जैसे ही लोगों को तोलाराम प्रजापति के निधन की खबर लगी तो सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि देने का दौर शुरू हुआ। जो देर शाम तक जारी रहा। लोगों का कहना है कि तोलाराम प्रजापति की कचौरी के स्वाद ने तो उन्हें पहचान दिलाई ही। उनके मधुर व्यवहार ने भी लोगों के दिलों में जगह बनाई।

यह बोले थे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
पीएम मोदी ने सभा में दिए अपने भाषण के दौरान पहले मालवा की दाल-बाटी की बात की। इसके बाद शहर के प्रसिद्ध हलवाई तोलाराम की कचौरी को याद किया। पीएम मोदी ने कहा था, जब जनसंघ के समय यहां आए थे, उस समय उन्होंने यहां मालवा का प्रसिद्ध दाल-बाटी का भोजन और तोलाराम की कचौरी खाई थी। उन्होंने कहा कि था कि आज मेरे पास समय कम है, लेकिन अगली बार जब आऊंगा तो यहां की दाल-बाटी और तोलाराम की कचौरी खाऊंगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें