शाजापुर जिले के मक्सी रेलवे स्टेशन स्थित आरपीएफ बैरक में सिपाहियों द्वारा देर रात तक पार्टी मनाने का मामला सामने आया है। इस पार्टी में देर रात तक तेज आवाज में डीजे भी बजा, जबकि परीक्षाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने रात 10 बजे के बाद इस पर प्रतिबंध लगा रखा है। इसके बाद भी रेलवे के बैरक में इस तरह की मनमानी सामने आई है। घटना शनिवार-रविवार की रात का है। आरपीएफ बैरक में सिपाहियों ने कलेक्टर द्वारा ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर प्रतिबंध लगाने जाने के नियम का पालन नहीं किया।
जानकारी के अनुसार, आरपीएफ बैरक के प्रांगण में जवानों ने देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजाकर डांस किया। इस दौरान बैरक में पार्टी का आयोजन भी किया गया। प्रशासन ने परीक्षाओं को देखते हुए वैवाहिक समारोहों में भी रात 10 बजे तक ही सीमित आवाज में डीजे बजाने की अनुमति दी है। लेकिन, सुरक्षा बल के जवानों ने इन नियमों की अनदेखी करते हुए न केवल तेज आवाज में संगीत बजाया, बल्कि अश्लील गानों पर डांस भी किया। इस पूरी पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, सुरक्षा बल से जुड़ा मामला होने के कारण रेलवे कॉलोनी और आसपास के निवासियों ने कोई विरोध नहीं किया। मामले को लेकर आरपीएफ चौकी मक्सी प्रभारी गजेंद्र दीक्षित ने कहा कि वह फिलहाल छुट्टी पर हैं। मामले की जानकारी मिली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।