जिले के अवन्तिपुर बड़ोदिया थाना क्षेत्र के ग्राम अरनिया कला के जंगल में खेत पर बने एक मकान में आगजनी की घटना सामने आई है। इस घटना में मकान के अंदर बंधे तीन मवेशियों की दर्दनाक मौत हो गई। एक मवेशी गंभीर रूप से झुलस गया। मामले में अवन्तिपुर बड़ोदिया थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
अवंतीपुर बडोदिया थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी तिलावत के प्रभारी तकेसिंह धूलिया ने बताया कि मामले में जितेंद्र पिता बाबूलाल उम्र 34 वर्ष निवासी ग्राम अरनिया कला ने शिकायत दर्ज कराई है। जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसका मकान ग्राम अरनिया कला के जंगल खेती के क्षेत्र में स्थित है। यहां वह मवेशी बांधने के साथ ही उनके चारे के लिए भूसा आदि रखते हैं। अज्ञात व्यक्ति द्वारा मकान में आग लगा दी गई। जिससे उसके अंदर बंधी एक गाय, एक भैंस और एक पाड़ी जिंदा जलकर मर गई।
वहीं एक बछड़ा गंभीर रूप से झुलस गया है। मवेशियों के लिए रखें भूसा में भी आग लग गई और वह भी जलकर खाक हो गया। शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है और मामले की जांच पुलिस टीम द्वारा की जा रही है।