शहर में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर एक व्यापारी से करीब 29 लाख 49 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। धोबी चौराहा क्षेत्र में मोबाइल शॉप चलाने वाले व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। व्यवसायी ने 1930 हेल्प लाइन पर शिकायत की थी। ऑनलाइन एफआइआर के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया है।
फरियादी व्यापारी राहुल गोठी निवासी शाजापुर ने पुलिस को बताया कि पांच जनवरी को वॉट्सएप पर दो अज्ञात नंबरों से एक लिंक मिला। इसमें खुद को ट्रस्ट क्वाइन नामक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म का प्रतिनिधि बताया था। आरोपियों ने राहुल को इथिरियम ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश करने के लिए प्रेरित किया। शुरुआत में व्यापारी ने कम पैसे का इन्वेस्टमेंट किया, जिस पर उन्हें मुनाफा दिखा। यह राशि उनके बैंक खाते में भी ट्रांसफर की गई, जिससे आरोपियों ने उनका विश्वास जीत लिया। इसके बाद, अलग-अलग चरणों में ट्रेडिंग और कमीशन के नाम पर उनसे यूपीआई, फोन-पे और आरटीजीएफ के जरिए विभिन्न बैंक खातों में रकम जमा करवाई गई। आरोपियों ने कभी कमीशन, कभी एडवांस चार्ज तो कभी बड़े अमाउंट की ट्रेडिंग के बहाने लगातार पैसे ट्रांसफर करवाए। फरियादी के अनुसार पांच दिनों की ट्रेडिंग के बाद उनके वॉलेट में 97 लाख रुपये से अधिक का मुनाफा दिखाया गया। हालांकि, जब उन्होंने यह राशि निकालने का प्रयास किया, तो प्रक्रिया रोक दी गई। आरोपियों ने मुनाफा निकालने के लिए 25 प्रतिशत अतिरिक्त राशि जमा करने की शर्त रखी, जिसके बाद राहुल को ठगी का अहसास हुआ।
ये भी पढ़ें- यूका का जहरीला कचरा छह माह पहले हुआ था भस्म, अब उसकी 900 टन राख हमेशा के लिए दफन
इस पूरे घटनाक्रम में अज्ञात आरोपियों ने राहुल गोठी से कुल 29,49,476 रुपये की राशि अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवा ली। पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबरों और बैंक खातों के आधार पर प्रकरण दर्ज किया है। मामले की जांच साइबर सेल भी कर रही है। आरोपियों की तलाश में भी पुलिस टीम लगी है। कोतवाली थाना टीआई संतोष कुमार बाघेला ने कहा कि मामले में गंभीरता से कार्रवाई कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन ट्रेडिंग और मुनाफे के लालच में आकर किसी भी अज्ञात लिंक, ऐप या व्यक्ति पर भरोसा न करें।