गोलीकांड मामले पर घटनास्थल का जायजा लेने के बाद पुलिस कप्तान मुख्यालय वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में दो बाइकों में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। घटना देख पुलिस कप्तान ने अपने वाहन को रुकवाया और घायलों के पास वाहन से उतरकर एसपी पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया। इसका वीडियो सामने आया है। मामला केशवाही चौकी तिराहे का है।
बुढार थाना क्षेत्र के चौकी केशवाही में व्यापारियों पर चली गोली मामले पर पुलिस अधीक्षक राम जी श्रीवास्तव घटनास्थल का जायजा लेने पहुंचे थे। घटनास्थल का जायजा लेने के बाद एसपी मुख्यालय के लिए रवाना हुए, तभी चौकी तिराहे में दो बाइक आमने-सामने भिड़ गई। इसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए। सड़क पर घायलों को पड़ा देख पुलिस अधीक्षक ने अपने वाहन को रुकवाया और घायलों को अस्पताल भिजवाने के लिए उन्होंने केशवाही चौकी के वाहन को मौके पर बुलवाया और तत्काल घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
हालांकि इस घटना में बाइक सवार युवक दिनेश यादव की अस्पताल पहुंचते ही मौत हो गई, तो दूसरे बाइक में सवार गणेश नामदेव गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने बताया कि दो बाइक आमने-सामने भिड़ी थी दोनों बाइक में एक-एक युवक सवार थे, दिनेश यादव के सर में गंभीर चोट पहुंची थी। उपचार के लिए उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दिनेश को मृत्यु घोषित कर दिया तो गणेश का इलाज जारी है।
ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस अधीक्षक का वाहन शहडोल की ओर जा रहा था, तभी चौकी तिराहे के पास आमने-सामने दो बाइकों की भिड़ंत हो गई, सड़क पर घायल तड़प रहे थे। तभी एसपी का वाहन वहा से गुजरा और पुलिस अधीक्षक ने वाहन को रुकवा कर घायलों को अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की। इसका एक वीडियो भी सामने आया है इस कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक की ग्रामीण काफी तारीफ कर रहे हैं।