शहडोल कोतवाली थाना क्षेत्र के एफसीआई एरिया में एक किशोर के साथ मारपीट का वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में कुछ युवक किशोर के साथ बेरहमी से मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं और खुद ही इस घटना का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर अपनी दबंगई दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि एक पुराने विवाद में इन युवकों ने किशोर को पकड़ा और फिर झाड़ियों के पीछे ले जाकर उसके साथ मारपीट की। वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया और जांच शुरू कर दी है।
लोगों का कहना है कि जिले में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे आए दिन आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। जिस जगह पर यह घटना हुई, वह रिहायशी क्षेत्र से कुछ ही दूरी पर है और यह कोतवाली थाना क्षेत्र का सेंसिटिव एरिया माना जाता है। इस घटना ने पुलिस की पेट्रोलिंग पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
दिनदहाड़े कुछ बदमाश युवकों ने किशोर को पकड़ लिया और उसे झाड़ियों के पास ले जाकर जमकर मारपीट की। पहले तो बदमाशों ने किशोर को मुर्गा बनवाया और उसके बाद लात-घूसों से बेरहमी से पिटाई की। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह से बदमाश युवक किशोर के साथ मारपीट कर रहे हैं।
वीडियो चार दिन पुराना बताया जा रहा है। वीडियो के वायरल होने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया और फरियादी किशोर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने पता लगा लिया है कि किशोर कहां का रहने वाला है। कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र तिवारी ने बताया कि पुराने विवाद को लेकर मारपीट हुई है और बदमाश युवकों की पहचान की जा रही है। शिकायत दर्ज कर ली गई है और जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।