फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahdol News: कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में शहडोल, प्रदेश का सबसे ठंडा जिला बना

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शहडोल Updated Mon, 15 Dec 2025 07:44 PM IST

शहडोल जिले में बीते कुछ दिनों से लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। ठंड ने ऐसा असर दिखाया है कि शहडोल मध्य प्रदेश का सबसे ठंडा जिला दर्ज किया जा रहा है। बीते दिनों न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिसके चलते शहडोल पचमढ़ी और अमरकंटक जैसे पहाड़ी इलाकों से भी ज्यादा ठंडा रहा। कड़ाके की ठंड से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित नजर आ रहा है।

सोमवार सुबह जिले में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण विजिबिलिटी 20 मीटर से भी कम हो गई, जिससे सड़कों पर चलना जोखिम भरा हो गया। कोहरे की वजह से वाहनों की रफ्तार काफी धीमी रही और वाहन चालक बेहद सतर्कता के साथ सड़कों पर रेंगते हुए दिखाई दिए। कई स्थानों पर यातायात लगभग थम सा गया। ठंड के प्रकोप के चलते लोग घरों में ही दुबके रहे। सोमवार सुबह करीब 9 बजे तक सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। केवल अत्यधिक जरूरी कार्यों से बाहर निकलने वाले लोग ही सड़कों पर दिखाई दिए। बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर भी कम चहल-पहल देखने को मिली।

ये भी पढ़ें- दमोह में सीजन का पहला कोहरा, तापमान 8 डिग्री; विजिबिलिटी इतनी कम कि वाहनों की जलानी पड़ रही लाइट

ठंड बढ़ने के साथ ही सर्दी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। जिला अस्पताल के आरएमओ डॉक्टर पुनीत श्रीवास्तव ने बताया कि अत्यधिक ठंड के कारण सर्दी-जुकाम और बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। उन्होंने लोगों को ठंड से बचाव की सलाह देते हुए कहा कि कई परतों में गर्म कपड़े पहनें, शाम के बाद अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। ठंड से राहत के लिए नगर पालिका द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। वहीं कलेक्टर के निर्देश पर रैन बसेरों में रात के समय मुसाफिरों के ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि ठंड में किसी को परेशानी न हो।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें