कोतवाली थाना क्षेत्र में आए दिन आपराधिक घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिसे रोकने पुलिस नाकाम साबित हो रही है। कोतवाली थाना क्षेत्र के रीवा होटल के सामने दो गुटों में जमकर मारपीट हुई है। बीती रात की यह वारदात है। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और एक दूसरे को हाथ मुक्के और लात से पीटना शुरू कर दिया। यह मारपीट लगभग आधे घंटे तक चली। सूचना के बाद देरी से पहुंची पुलिस ने मामले पर अपनी पड़ताल शुरू कर दी है।
बताया गया कि शहडोल से रीवा पहुंच मार्ग में स्थित रीवा होटल के सामने दो पक्षों में विवाद हुआ है। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। विवाद किस बात को लेकर हुआ है, ये स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार रीवा होटल में खाना खाने के बाद यह विवाद हुआ था, जिसमें दोनों पक्ष के करीब 24 से अधिक लोग मौके पर पहुंचे और एक दूसरे को पीटने लगे। मौके पर खड़े कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाई और उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन मारपीट करने वाले युवा मानने को तैयार नहीं थे। और एक दूसरे को बुरी तरीके से पीट रहे थे।
लोगों ने बताया कि मामले की जानकारी हमने कोतवाली पुलिस को दी थी, लेकिन काफी समय के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। आधे घंटे तक यह मारपीट की घटना होती रही। मार्ग से आवाजाही करने वाले लोगों भी मारपीट देखडर सहम गए। होटल में खाना खा रहे लोग भी काफी दहशत में थे। आए दिन रीवा होटल के सामने विवाद की स्थिति निर्मित होती है, कोतवाली पुलिस की पेट्रोलिंग और फिक्स पॉइंट पर अब लोगों ने सवाल खड़े कर दिए हैं।
हालांकि सूत्रों के मुताबिक मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत करवाया और दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। विवाद पुराना बताया जा रहा है। इसी बात को लेकर रीवा होटल के सामने यह मारपीट की घटना हुई है। बीती रात हुई शहर के बीचो-बीच ऐसी वारदात लगातार बढ़ती जा रही हैं और कोतवाली पुलिस इन्हें रोकने में नाकाम साबित हो रही है।