शहडोल जिले में रेत का अवैध कारोबार रुकने का नाम नहीं ले रहा है। देवलौंद पुलिस ने रेत का अवैध परिवहन करते एक ट्रैक्टर को जब्त किया है। पुलिस ने चालक व मालिक के विरुद्ध खनिज अधिनियम व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। यह कार्रवाई सुखाड़ रेत जांच नाका के समीप से की गई है।
अवैध रेत उत्खनन कर परिवहन जिले में लगातार जारी है, जिसे रोकने पुलिस कार्रवाई कर रही है। लेकिन खनिज विभाग इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। जानकारी के अनुसार, सुखाड़ रेत जांच नाका के समीप से देवलौंद पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त किया, जिसमें अवैध रेत लोड थी। थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रैक्टर चालक राम सुशील कोल से मौके पर जब रेत से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे गए तो चालक ने कोई भी वैध दस्तावेज पुलिस के सामने उपलब्ध नहीं कराया। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह सोन घड़ियाल के समीप स्थित एक नदी से रेत लेकर आया है। पुलिस ने मौके से ट्रैक्टर को जब्त कर थाने में खड़ा करवा लिया है। पुलिस ने बताया कि वाहन चालक एवं वाहन मालिक अजय द्विवेदी के विरुद्ध खनिज अधिनियम व अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
देवलौंद पुलिस ने दो दिन पहले भी अवैध रेत का परिवहन करते ट्रैक्टर को जब्त किया था, जिस पर चालक व मालिक के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। लगातार पुलिस अवैध रेत के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। लेकिन खनिज विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। जिले के अलग-अलग स्थानों से अवैध रेत दिन-रात निकली जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खनिज विभाग की मिली भगत से यह काला कारोबार चल रहा है।