शहडोल जिले के पपौंध के मोहनिया तालाब में डूबने से 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग की भैंस तालाब में चली गई थी, जिसे निकालने के लिए वह तालाब में कूद गया और भैंस निकाल रहा था तभी वह गहरे पानी में डूब गया। डूबते समय बुजुर्ग ने आसपास मौजूद लोगों को आवाज़ लगाई, लोग मौके पर पहुंचे तब तक वह डूब चुका था। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बुजुर्ग के शव को पानी से बाहर निकलवाया।
बताया गया कि जवाहर जायसवाल (75) निवासी पपौंध अपने मवेशियों को लेकर जंगल की ओर चराने गया था, तभी उसकी एक भैंस मोहनिया तालाब में पानी के अंदर चली गई। काफी समय हो गया लेकिन भैंस पानी से बाहर नहीं निकल रही थी, जिसे निकालने के लिए बुजुर्ग ने तालाब में कूद कर भैंस को निकालने की कोशिश की। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया। आसपास अन्य लोग भी मौजूद थे पर लोग समझ नहीं पाए और बुजुर्ग डूब गया। बुजुर्ग ने डूबते वक्त आवाज भी लगाई लेकिन आसपास मौजूद लोग जब यह समझते तब तक काफी देर हो गई थी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तालाब से बुजुर्ग के शव को बाहर निकलवाया। थाना प्रभारी बृजेंद्र मिश्रा ने बताया कि मवेशी चरा रहे एक बुजुर्ग की तालाब में डूबने से मौत हुई है, मामले पर मर्ग कायम कर विवेचना की जा रही है।