फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahdol News: जिला अस्पताल की व्यवस्था पर उठे सवाल, ऑपरेशन थिएटर की एसी खराब, गर्मी से डॉक्टर-मरीज हुए बेहाल

Sat, 03 May 2025 01:16 PM IST
शहडोल ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला,शहडोल

शहडोल के जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों में है। नए सिविल सर्जन के पद संभालने के बाद से अस्पताल में अव्यवस्था देखने को मिल रही है। खासतौर पर गायनिक विभाग के ऑपरेशन थिएटर (OT) में लगे एयर कंडीशनर (AC) खराब होने से डॉक्टरों और मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। गायनिक विभाग में काम करने वाले एक डॉक्टर ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि इस विभाग में दो एसी लगे हैं, जो पिछले एक हफ्ते से खराब पड़े हैं। ऑपरेशन थिएटर का कमरा करीब 20 बाय 20 फीट का है और गर्मी में एसी की बहुत जरूरत होती है। लेकिन नए सिविल सर्जन के आने के बाद अभी तक उनकी मरम्मत नहीं करवाई गई, जिससे दिक्कत और बढ़ गई है। 'गर्मी की वजह से करना पड़ा कठिनाई का सामना'

जिला अस्पताल में गर्भवती महिलाओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है। एक डॉक्टर ने बताया कि रोज़ाना 15 से ज्यादा सीजर ऑपरेशन करने पड़ते हैं। ऐसे में हमें 18 घंटे से अधिक समय तक ऑपरेशन थिएटर में रहना पड़ता है। गर्मी और असुविधा की वजह से हमें और मरीजों दोनों को बहुत परेशानी हो रही है।

डॉक्टर ने यह भी बताया कि एक एसी में तो मैकेनिक ने खराब होने की तारीख भी लिखी है, लेकिन अस्पताल प्रबंधन इस पर ध्यान नहीं दे रहा है। अस्पताल की लापरवाही की स्थिति यह है कि डॉक्टरों की शिकायतों के बावजूद कोई भी ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

सिविल सर्जन डॉक्टर शिल्पी सराफ ने कही ये बात

इस मुद्दे पर जब सिविल सर्जन डॉक्टर शिल्पी सराफ से बात की गई, तो उन्होंने कहा, "हमें एसी के खराब होने की जानकारी है। सुधार के लिए काम किया गया था, लेकिन अब तक सुधार नहीं हो पाया है। नए एसी का ऑर्डर दिया गया है, और उम्मीद है कि सोमवार तक नए एसी ऑपरेशन थिएटर में लगाए जाएंगे।"

जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठते सवाल और डॉक्टरों की परेशानियां यह दिखाती हैं कि अस्पताल प्रबंधन को जल्द सुधारात्मक कदम उठाने की जरूरत है। स्वास्थ्य सेवाएं किसी भी समाज के लिए बहुत अहम होती हैं और जब ये कमजोर होती हैं तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। अब यह देखना होगा कि क्या संबंधित अधिकारी इस समस्या को गंभीरता से लेंगे और मरीजों और डॉक्टरों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करेंगे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें