जिले के रेहटी थाना क्षेत्र के सलकनपुर में 15 अगस्त की रात दिल दहला देने वाली लूट की घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। नागपुर का एक व्यापारी, जो टेंट व्यवसाय से जुड़ा है, इलाज कराने आया था। तभी बदमाशों ने पहले मदद का बहाना किया और फिर सुनसान जगह पर ले जाकर नकदी, गहने और कार लूट लिए।
जानकारी के अनुसार व्यापारी पिंटू उर्फ दुर्गादास साकोरे नागपुर से सलकनपुर पहुंचे थे। बस स्टैंड पर उन्हें प्रकाश और सुंदर नाथ नामक आरोपी मिले। दोनों ने दावा किया कि ग्राम बोरी में साइटिका का सटीक इलाज करने वाला वैद्य है। व्यापारी उनकी बातों में आ गए और उनके साथ चल पड़े। दोनों आरोपियों ने व्यापारी को बहाने से सुनसान इलाके में रोक लिया और तुरंत अपने चार साथियों को बुला लिया। वहां छह बदमाशों ने व्यापारी को धमकाकर बैग से ढाई लाख रुपये नकद, करीब ढाई लाख की सोने की चेन, आवश्यक दस्तावेज और मारुति अर्टिगा कार लूट ली।
इंदौर जाने की तैयारी में रखी थी भारी नकदी
व्यापारी ने पुलिस को बताया कि वह सलकनपुर से इंदौर लाइटिंग का सामान खरीदने जाने वाला था। इसी वजह से बैग में भारी नकदी रखी हुई थी। आरोपियों को इसकी भनक लगी और उन्होंने पूरी योजना बनाकर व्यापारी को जाल में फंसाया।
लूटा गया 12 लाख का माल बरामद
रेहटी थाने में अपराध क्रमांक 455/25 दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत और एसडीओपी रवि शर्मा के निर्देशन में टीम बनाई। थाना प्रभारी राजेश कहारे और उनकी टीम ने चौकसी दिखाते हुए शाहगंज की ओर जा रही संदिग्ध अर्टिगा कार को रोक लिया। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ढाई लाख नकद, ढाई लाख की सोने की चेन, दस्तावेज और कार बरामद कर लिया। कुल बरामदगी का मूल्य लगभग 12 लाख रुपये है।
गिरफ्तार आरोपी
प्रकाश नाथ उर्फ गोस्वामी (45 वर्ष) निवासी रानी पिपलिया, थाना सोहागपुर, जिला नर्मदापुरम
सुन्दर नाथ (46 वर्ष) निवासी रानी पिपरिया, थाना सोहागपुर, जिला नर्मदापुरम
शिवनाथ (35 वर्ष) निवासी वार्ड 13, रानी पिपरिया, थाना सोहागपुर
सुरेन्द्र सारवाना (42 वर्ष) निवासी साडिंया, थाना पिपरिया
देवेन्द्र नाथ (24 वर्ष) निवासी घोघरी, थाना पिपरिया
भुजवल नाथ (29 वर्ष) निवासी घोघरी, थाना पिपरिया
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरे ऑपरेशन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कहारे, उपनिरीक्षक दीपक सर्राटी, पीएसआई भावना यादव, उपनिरीक्षक महेश सिंह धुर्वे, सउनि तोबियस खाखा सहित पुलिस जवानों और ग्राम रक्षा समिति सदस्य रोहित मालवीय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही साइबर सेल की तकनीकी मदद ने भी बड़ा योगदान दिया।