भोपाल-इंदौर राजमार्ग पर स्थित कोठरी वीआईटी कॉलेज के पास चलती हुई बस से एक युवक ने कूदने की कोशिश की। चालक ने बस रोकी तो युवक ने पत्थर मारकर वाहन के शीशे तोड़ दिए। इस दौरान उग्र भीड़ ने पहले तो युवक की खबर ली। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इसी तरह बस के शीशे तोड़ने का एक अन्य मामला इछावर जोड़ पर भी हुआ। वर्मा ट्रेवल्स की बस में तोड़फोड़ की गई। बताया जा रहा है कि बस में किसी महिला यात्री के साथ छेड़छाड़ की घटना हुई थी, जिसके बाद बस के कांच तोड़ दिए गए। दोनों मामलों के वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार इंदौर-भोपाल रोड पर अमलाहा थाने में आने वाले ग्राम कोठरी स्थित वीआईटी कॉलेज के पास हुई घटना में सोमवार को एक युवक ने चलती हुई बस से कूदने की कोशिश की। युवक अपने चाचा-चाची के साथ इंदौर से भोपाल जा रही बस में सवार था। बताया जाता है कि बस ड्राइवर ने वाहन को रोका तो युवक ने पत्थर मारकर बस का शीशा तोड़ दिया। इससे आसपास के लोग और भीड़ एकत्रित हो गई। इस दौरान युवक की जमकर पिटाई लगाकर उसे अमलाहा चौकी में पुलिस के हवाले कर दिया।
ये भी पढ़ें- जनसंवाद में पहुंचे पिता की गुहार पर भावुक हुए शिवराज, मंच से ही बेटे के इलाज के दिए निर्देश
पुलिस के मुताबिक युवक दिमागी रूप से बीमार है। युवक का नाम अमित बताया गया है। एसडीओपी आकाश अमलकर ने बताया कि आरोपी अपने चाचा-चाची के साथ इंदौर से भोपाल जा रही बस में सवार था। पुलिस मामले में युवक पर कार्रवाई कर रही है।
इछावर जोड़ पर वर्मा ट्रेवल्स की बस में तोडफ़ोड़
इसी तरह के एक अन्य मामले में इछावर जोड़ पर वर्मा ट्रेवल्स की बस में तोड़फोड़ की गई। बताया जा रहा है कि बस में किसी महिला यात्री के साथ छेड़छाड़ की घटना हुई थी, जिसके बाद बस के कांच तोड़ दिए गए। आष्टा थाना प्रभारी गिरीश दुबे ने बताया कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- भाभी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उतारा मौत के घाट, कोर्ट ने देवर को सुनाया आजीवन कारावास
15 दिन पहले भी हुई थी घटना
31 मई को क्रीसेंट चौराहा पर मुकेश बैरागी समेत तीन युवकों ने एक बस के चालक और कंडक्टर से मारपीट कर पैसे और बस की चाबी छीन ली थी। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर बस ड्राइवर से लूटी गई राशि, बिना नंबर की एक्टिवा और बस की चाबी जब्त की थी।