फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Satna News: सतना-सेमरिया रोड पर चलते हाइवा में लगी भीषण आग, ड्राइवर-क्लीनर ने कूदकर बचाई जान

Fri, 20 Mar 2026 04:39 PM IST
सतना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सतना

सतना-सेमरिया मार्ग पर शुक्रवार अलसुबह एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां बाबूपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत बदखर के पास करीब 3 बजे एक चलते हाइवा में अचानक भीषण आग लग गई। गिट्टी से लदा यह भारी वाहन कुछ ही देर में आग की लपटों में घिर गया और पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

जानकारी के अनुसार, हाइवा तिहाई क्षेत्र से गिट्टी लोडकर सतना की ओर आ रहा था। इसी दौरान बीच रास्ते में वाहन में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे हाइवा को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति को भांपते हुए ड्राइवर और क्लीनर ने तत्काल वाहन रोका और कूदकर अपनी जान बचाई। दोनों ने तुरंत वाहन मालिक को घटना की सूचना दी।

ये भी पढ़ें- इंदौर अग्निकांड: पहले कार में, फिर बिजली पोल से होते हुए दूसरी मंजिल तक पहुंची थी आग; किसकी है लापरवाही?

दमकल की टीम ने दो घंटे में पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग काफी विकराल थी, जिसे काबू करने में दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। करीब दो घंटे की कोशिशों के बाद सुबह लगभग 5 बजे आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका।

भाजपा नेता का बताया जा रहा वाहन
बताया गया है कि यह हाइवा भाजपा नेता सुधीर सिंह का था। जानकारी के मुताबिक, वे खुद फायर स्टेशन पहुंचे और दमकल वाहन लेकर मौके पर पहुंचे, जहां राहत कार्य में सहयोग किया गया। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जनहानि नहीं, लेकिन बड़ा नुकसान
इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, जो राहत की बात है। हालांकि, हाइवा पूरी तरह जल जाने से लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें