सागर जिले के देवरी थाना अंतर्गत ग्राम जेतपुर कोपरा में शनिवार को एक साथ तीन महिलाओं तथा एक मासूम बच्ची की मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। पूरा गांव इस घटना को लेकर स्तब्ध रह गया था। इस सनसनीखेज ह्रदयविदारक घटनाक्रम से गांव में अभी भी माहोल गमगीन है लोग दुखी है। मामले को लेकर लोग इस परिवार की छोटी बहू के रिश्तेदारों तथा परिजनों को जिम्मेवार मान रहे हैं।
क्या था घटनाक्रम
देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम कोपरा में मुड़ेरी रोड पर बने राजाराम लोधी के घर से करीब 200 मीटर दूर खेत में बने कुएं में शुक्रवार की रात्रि करीब 10 बजे दो सगी बहनें आरती (35) पति कड़ोरी और भारती (29) पति किशोर, जेठानी और देवरानी के शव कुएं में रस्सी से फांसी के फंदे पर लटके मिले थे। वहीं उनकी मां भागबाई पति स्वर्गीय मिट्ठू एवं 6 वर्षीय नातिन रोमिका का पिता किशोर लोधी के शव कुएं में उतराते मिले थे। इसी मामले मैं सोमवार को मृतकों के परिजन तथा समाज के लोगों ने इस घटनाक्रम के पीछे इसी परिवार की छोटी बहू के रिश्तेदारों तथा परिजनों को दोषी बताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई मांग करते हुए देवरी एसडीएम को ज्ञापन दिया है।
एक माह पूर्व छोटी बहू ने की आत्महत्या
अधिकारियो को दिए गए ज्ञापन मैं उल्लेख करते हुए बताया कि करीब एक माह पूर्व उनके छोटे भाई सोनू की पत्नी लक्ष्मी ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली थी। जिस पर देवरी पुलिस ने इस परिवार के तीनों भाइयों सोनू लोधी, करोड़ी लोधी, किशोर लोधी तथा मृतका देवरानी जेठानी पर प्रताड़ना का मामला दर्ज किया था। सोनू और करोड़ी दोनों भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया था।
ज्ञापन में बताया गया है कि सोनू के ससुराल वाले पिछले 5 दिनों से रोज राजीनामा के लिए बुला रहे थे, शुक्रवार को किशोर ,सुरेंद्र और चित्तर तीनों सोनू की ससुराल बाबू पूरा गए थे। जहां उनके साड़ू और समधी राजीनामा के लिए 5 एकड़ जमीन और 20 लाख रुपए की मांग कर रहे थे। वह धमका रहे थे कि यदि मेरी बात नहीं मानोगे तो घर में ताला लगवा देंगे। इस वजह से पूरे परिवार मैं तनाव बना हुआ था। शायद इसी प्रताड़ना के चलते यह घटनाक्रम हुआ है।