सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र के पटना बुजुर्ग गांव का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक को दो लोगों द्वारा सरेआम सड़क पर घसीटते हुए बुरी तरह से पीटा जा रहा है। यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल पिकनिक पर गये दोस्तों के बीच किसी मामूली बात पर आपस में विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा की दो दोस्तों ने मिलकर सड़क पर बीच बाजार ही खुलेआम अपने साथ वाले एक युवक को बेरहमी से पीट डाला। इनकी इस मार पिटाई का वीडियो किसी ने बना लिया तथा सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो मैं देखा जा सकता है कि दो लोग एक युवक को बेल्ट और चप्पलों से बेदर्दी से पीट रहे हैं।
वहीं वीडियो वायरल होने पर इस मामले में रहली थाना प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि रहली थाना क्षेत्र अंतर्गत पटना बुजुर्ग निवासी रामेश्वर पिता रमेश कुर्मी ने थाना रहली पहुंचकर एक रिपोर्ट दर्ज की थी। जिसमें सरवन कुर्मी ने उसके साथ मारपीट की हैं। जिस पर से सरवन के खिलाफ मामला दर्ज किया था। वहीं मारपीट में सरवन को भी चोटें आई थी। जिसपर से जागेश्वर कुर्मी, रामजी कुर्मी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। फिलहाल मामला दर्ज होने के बाद प्रकरण जांच में है। प्रकरण में वीडियो भी संलग्न किया जाएगा। थाना प्रभारी ने कहा कि थाना क्षेत्र में गुंडागर्दी, दबंगई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।