जिले में डीएपी खाद नहीं मिलने से अब किसान नाराज होने लगे हैं। खाद के लिए किसानों को दिन दिन भर इंतजार करना पड़ रहा है और कहीं-कहीं इसके बाद भी खाद नहीं मिलने से उनका आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सागर जिले के खुरई में शुक्रवार को किसानों ने खाद नहीं मिलने से नाराज होकर प्रदर्शन किया तथा कृषि उपज मंडी का गेट बंद कर हंगामा किया।
शुक्रवार को डीएपी खाद नहीं मिलने के कारण सैकड़ों की संख्या में महिला और पुरुष किसानों ने नाराज होकर कृषि उपज मंडी के मुख्य गेट को बंद कर दिया। इससे मंडी में सोयाबीन बेचने आ रहे किसानों के सैकड़ों वाहनों की लंबी-लंबी लाइनें लग गईं। इसके कारण खुरई-पठारी मार्ग पर लगभग एक किमी लंबा जाम लग गया। कई दिनों से डीएपी खाद के लिए वितरण केंद्र डेरा डाले किसानों के सब्र का बांध टूट गया और नारेबाजी ओर हंगामा करते हुए मंडी के मुख्य गेट को बंद कर दिया। गेट लगभग ढाई घंटे तक बंद रहा। इससे ट्रैक्टर ट्रॉलियों सहित अन्य वाहनों में मंडी में सोयाबीन बेचने के लिए आए किसानों की लंबी लाइन लग गई। सूचना मिलते ही तहसीलदार, नायब तहसीलदार और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। किसानों को समझाइश देकर गेट खुलवाया। फिलहाल किसानों को डीएपी खाद के टोकन वितरण किए जाने लगे।