सागर के सानौधा थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल महिला ने रविवार को जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया।
मृतका के परिजनों ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए सिविल लाइन चौराहे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन और गोपालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर शांत कराया। परिजन तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रहे थे। सीएसपी नीलम चौधरी ने निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शांत हुए और शव लेकर घर रवाना हो गए।
जमीनी विवाद के कारण हुआ विवाद
मृतका के बेटे रतन पाल पिता भगवानदास पाल, निवासी हिलगन, ने बताया कि गांव के लोधी समाज के कुछ लोगों के साथ उनका जमीनी विवाद चल रहा था। शनिवार को अधिकारियों द्वारा भूमि की नपती कराई गई थी, इसी दौरान विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।
रतन पाल ने आरोप लगाया कि इस झगड़े में उसकी मां मायारानी उर्फ दशोदा पाल (50) के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार सुबह उनकी मौत हो गई।
एक अन्य व्यक्ति भी घायल
इस घटना में हीरा पिता गुमान पाल भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। मृतका के बेटे का आरोप है कि पुलिस दोषियों पर कार्रवाई नहीं कर रही थी, इसलिए उन्होंने चक्काजाम किया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।