सागर जिले के गढ़ाकोटा में एक शख्स की संदिग्ध परिस्थितियों में जान चली गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की धमकी की वजह से उसे अपनी जिंदगी से अलविदा कहना पड़ा है। इसी बात को लेकर परिजनों ने सागर-दमोह रोड के पथरिया चौराहे पर अर्थी रखकर चक्का जाम कर दिया।
दरअसल, यह मामला गढ़ाकोटा नगर का है, जहां शनिवार की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि शिवाजी वार्ड निवासी यादव परिवार के घर में जुएं की फड़ चल रही है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीन जुआरियों को पकड़ा, जिनसे 2000 हजार रुपए जब्त किए थे। यह घर बबलू यादव के भतीजे हल्ले यादव का है। जैसे ही पुलिस ने यहां पर रेड मारी तो भाग दौड़ मच गई। इसी दौरान बबलू यादव दहशत में आ गए। पुलिस की डर की वजह से वह खड़े-खड़े घर में ही गिर गए और वहीं पर उनकी सांसे थम गई। माना जा रहा है कि हृदय गति रूकने की वजह से उनका निधन हुआ है।
मामले में मृतक के परिजनों ने गढ़ाकोटा थाने में पदस्थ भरत चौबे, राजेंद्र,जगदीश और प्रमोद नाम के पुलिसकर्मियों पर धमकाने के आरोप लगाते हुए इन पर कार्रवाई करने की मांग की है। रविवार को पोस्टमार्टम होने के बाद मृतक की अर्थी चौराहे पर रखकर परिजनों और यादव समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया तथा चक्काजाम कर दिया। इस दौरान करीब 1 घंटे तक जाम लग रहा। सूचना पर रहली एसडीओपी मौके पर पहुंचे, उन्होंने लोगों से बात की समझाया तथा पूरे मामले में जांच कराने की बात की। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए तथा चक्क्जाम समाप्त किया।