मध्य प्रदेश के सागर जिले के खुरई में बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई करने पर विद्युत विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (JE) के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोप है कि कुछ लोग बिजली विभाग के कार्यालय में घुस गए और ऑन-ड्यूटी जूनियर इंजीनियर के साथ मारपीट की। वीडियो में एक महिला भी अधिकारी पर चप्पलों से हमला करती दिखाई दे रही है। पुलिस ने इस मामले में एक अधिवक्ता समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बिजली चोरी का प्रकरण बनाने से नाराज थे आरोपी
जानकारी के अनुसार, खुरई शहरी क्षेत्र में विद्युत विभाग की टीम ने हाल ही में बिजली चोरी के खिलाफ जांच अभियान चलाया था। इस दौरान जूनियर इंजीनियर कैलाश बेलदार ने नियमानुसार बिजली चोरी का प्रकरण दर्ज किया था। इसी कार्रवाई से नाराज होकर आरोपी मंगलवार को बिजली विभाग के कार्यालय पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि कार्यालय पहुंचते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब जूनियर इंजीनियर ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो विवाद बढ़ गया और वे कथित रूप से हिंसक हो गए।
पढ़ें: कैलाश विजयवर्गीय का दावा- हमें लंबित मामले की जानकारी कांग्रेस से ही मिली
दफ्तर में मची अफरातफरी
वायरल वीडियो में बिजली विभाग के कार्यालय के भीतर हंगामा और धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है। आरोप है कि आरोपियों ने जूनियर इंजीनियर को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की। वीडियो में एक महिला द्वारा चप्पलों से हमला करने का दृश्य भी नजर आ रहा है। घटना के दौरान कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वकील समेत चार आरोपियों पर केस
घटना की सूचना मिलते ही खुरई शहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित जूनियर इंजीनियर की शिकायत पर पुलिस ने महिला सहित चार आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कर्मचारियों में आक्रोश
घटना के बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में नाराजगी है। कर्मचारी संगठनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि सरकारी कर्मचारी ड्यूटी के दौरान सुरक्षित नहीं रहेंगे तो कार्य करना कठिन हो जाएगा। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।