फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewa News: रीवा गर्ल्स हॉस्टल के भोजन में फिर मिला कीड़ा, प्रशासन ने कहा दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

Tue, 14 Oct 2025 05:22 PM IST
रीवा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रीवा

रीवा जिले में एक बार फिर सरकारी बालिका छात्रावास के भोजन की गुणवत्ता पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। शासकीय एक्सीलेंस मार्तंड क्रमांक 1 बालिका छात्रावास में परोसे गए भोजन में खनखजूर (कीड़ा) निकलने से छात्राओं में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि दोपहर के भोजन के दौरान छात्राओं ने जब दाल में कीड़ा देखा तो पूरे हॉस्टल में हंगामा मच गया।

जानकारी के मुताबिक, कीड़ा निगल जाने से एक छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे उल्टियां आने लगीं। साथी छात्राओं ने आनन-फानन में वार्डन को सूचना दी। हालांकि वार्डन ने शुरुआत में मामले को दबाने की कोशिश की, लेकिन छात्राओं ने वीडियो और तस्वीरें निकालकर पूरे मामले को सामने ला दिया।

ये भी पढ़ें- छिंदवाड़ा में पुलिस का मानवीय चेहरा, छात्रा को टूटी साइकिल चलाते देख भावुक हुए TI, खुद दिला दी नई

घटना की जानकारी मिलते ही छात्र संगठन के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने प्रबंधन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। छात्रसंघ ने कहा कि यह पहली बार नहीं है — इससे पहले भी हॉस्टल के भोजन में बाल, पत्थर और खराब तेल की शिकायतें मिल चुकी हैं, लेकिन विभाग हर बार जांच का आश्वासन देकर मामला रफा-दफा कर देता है।

छात्रों ने इस बार सख्त रुख अपनाते हुए जिला प्रशासन से तत्काल जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि छात्राओं के स्वास्थ्य से बार-बार खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- फ्लाइट कनेक्टिविटी पर MP हाईकोर्ट सख्त, भोपाल-इंदौर की उड़ानों को जबलपुर से जोड़ने का आदेश

इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचने की तैयारी में हैं। वहीं, स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि भोजन का सैंपल जांच के लिए लैब भेजा जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं ने कहा कि हर दिन डर के साथ खाना खाते हैं। कभी बाल, कभी कीड़ा, कभी खराब गंध — अब भरोसा उठ गया है।

रीवा कलेक्टर प्रतिभा पाल का पूरे मामले पर कहना है कि इस मामले की जानकारी हुई है। शिक्षा विभाग से इसका प्रतिवेदन मांगा गया है। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें