रीवा जिले के बिछिया थाना से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किए गए महाजन टोला निवासी कुछ यादव युवकों ने पुलिस हिरासत में रहते हुए थाने के अंदर ही सोशल मीडिया के लिए रील बना डाली। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी उस समय हथकड़ी लगाए हुए थे और पुलिस उन्हें न्यायालय ले जाने की तैयारी कर रही थी।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी युवक पुलिस की नज़रों से बचते हुए किसी तरह मोबाइल निकाल लाए और हथकड़ी लगे होने के बावजूद वीडियो शूट कर लिया। इस रील में आरोपी अपनी दबंगई और बेखौफ़ रवैया दिखाते नज़र आए। वीडियो को बाद में सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया, जो देखते ही देखते तेजी से वायरल हो गया।
ये भी पढ़ें- शर्मनाक: रिटायर्ड DSP को जमीन पर पटककर पीटा, पत्नी-बेटों ने रस्सी से बांधकर घसीटा, कपड़े भी उतारे; जानें क्यों
वीडियो सामने आते ही लोगों में यह सवाल उठने लगा कि जब आरोपी पुलिस की गिरफ्त में थे, तब मोबाइल उनके पास कैसे पहुंचा? और थाने के अंदर वीडियो बनाने की अनुमति किसने दी? इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के वायरल होते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। पुलिस का कहना है कि यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी तक मोबाइल किसकी मदद से पहुंचा और थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों की क्या भूमिका रही। फिलहाल सभी आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की हरकत को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।