फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewa News: स्कूल से लौटा मासूम तो नहीं मिली मां, बिस्तर पर पड़ा था खून से लथपथ शव, इटौरा में खौफनाक वारदात

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रीवा Updated Sat, 27 Sep 2025 11:28 AM IST

विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के इटौरा गांव में शुक्रवार दोपहर हुई दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। गांव की 35 वर्षीय नेहा सिंह की घर के भीतर ही बेरहमी से हत्या कर दी गई। वह दो बच्चों के साथ रहती थी। पति राघवेंद्र सिंह सीधी जिले में शराब कंपनी में कैशियर हैं और अक्सर वहीं रहते हैं।

दोपहर लगभग 2:30 बजे नेहा का 14 वर्षीय बेटा जब स्कूल से लौटा तो उसके सामने ऐसा दृश्य था, जिसे वह जिंदगीभर नहीं भूल पाएगा। मां खून से लथपथ हालत में बिस्तर पर पड़ी थी। बच्चे की चीख सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को खबर दी। देखते ही देखते गांव में सनसनी और मातम का माहौल छा गया।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हितेंद्रनाथ शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में साफ हुआ कि महिला के सिर पर किसी भारी डंडेनुमा वस्तु से हमला किया गया था। सिर पर गहरे घाव हैं। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।

यह भी पढ़ें- मप्र हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, होमगार्ड का कॉलऑफ समाप्त; अब पूरे वर्ष मिलेगा रोजगार

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह वारदात लूट की नीयत से नहीं की गई है, बल्कि इसके पीछे अन्य कारण हो सकते हैं। फिलहाल अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और जांच की दिशा परिवार तथा नजदीकी परिचितों तक केंद्रित की जा रही है।

गांव के लोगों का कहना है कि नेहा शांत और मिलनसार स्वभाव की महिला थी। किसी ने सोचा भी नहीं था कि दिनदहाड़े उनके घर में ऐसी घटना घट जाएगी। अब दो छोटे बच्चे मां के साए से वंचित हो गए हैं। एक पल में उनकी मासूमियत मातम में बदल गई।

रीवा थाना प्रभारी विश्वविद्यालय, हितेंद्रनाथ शर्मा ने बताया कि महिला के सिर पर भारी वस्तु से हमला कर हत्या की गई है। लूट की आशंका नहीं है। अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें