रीवा जिले में एक ऐसा घिनौना मामला उजागर हुआ है, जिसने रिश्तों और भरोसे की बुनियाद को हिला दिया है। सात महीने पहले हुई शादी के बाद एक युवक ने प्रसिद्धि पाने के जुनून में अपनी पत्नी की निजी जिंदगी को गलत काम की सामग्री बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। आरोपी ने 13 मिनट 14 सेकंड का निजी वीडियो न केवल प्लेटफॉर्म पर डाला, बल्कि रिश्तेदारों और परिचितों को भी भेज दिया।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी लंबे समय से गलत प्रवृत्ति वाली सामग्री देखता था और ऐसे लोगों को अपना आदर्श मानने लगा था। खुद को फेमस करने की सनक में उसने पत्नी को बिना बताए वीडियो रिकॉर्ड किया और फिर जानबूझकर वायरल कर दिया। जब पत्नी ने विरोध किया तो उसने बेहिचक स्वीकार किया कि उसने यह सब सोची-समझी योजना के तहत किया है और उसे अपने किए पर कोई शर्म नहीं है।
ये भी पढ़ें- 19 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म, घर में अकेली पाकर रिश्तेदार और दोस्त ने बनाया शिकार
वीडियो वायरल होने के बाद पीड़िता का मानसिक संतुलन बिगड़ने लगा है। उसने कहा कि उसने मुझे समाज में कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ा। रिश्तेदारों के फोन रुक नहीं रहे हैं। मेरी जिंदगी तबाह कर दी। वह इंसान नहीं, दरिंदा है। महिला ने बताया कि आरोपी ने विश्वास और वैवाहिक संबंध दोनों का अपमान कर उसकी भावनाओं को कुचल दिया है।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। तकनीकी जांच में आरोपी की लोकेशन मुंबई के आसपास पाई गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम तैनात कर दी गई है और साइबर सेल भी मामले में सहयोग कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कृत्य महिला सम्मान और निजता के खिलाफ बेहद गंभीर अपराध है, जिसमें कठोर कार्रवाई तय है।