राजगढ़ जिला मुख्यालय से कुछ दूरी पर बुधवार को राजगढ़ और आसपास के क्षेत्र के किसान कांग्रेस के पूर्व विधायक हेमराज कल्पोनी के नेतृत्व में धरने पर बैठ गए। राजगढ़ से खुजनेर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिसके बाद रोड के दोनों तरफ दो व चार पहिया वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंचे मोहनपुरा सिंचाई परियोजना के अधिकारियों ने उन्हें तीन दिन में समस्या के निराकरण के लिए आश्वस्त किया। तब कहीं जाकर उन्होंने जाम खत्म किया। किसानों का आरोप है कि डैम के नजदीक होने के बावजूद भी उन्हीं के गांव में सिंचाई के लिए पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
राजगढ़ के पूर्व विधायक हेमराज कल्पोनी ने बताया कि राजगढ़ तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लगभग 10 से 15 गांवों में मोहनपुरा सिंचाई परियोजना का पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। जबकि हमारे द्वारा लगभग पांच से छह दिवस पूर्व ही विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन के माध्यम से समस्या से अवगत कराया गया था। लेकिन आज पांच दिन बीत जाने के बाद भी हमारी समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। इसलिए मजबूरन हमें चक्काजाम करना पड़ा। साथ ही उन्होंने कहा कि मोहनपुरा सिंचाई परियोजना का पानी राजगढ़ क्षेत्र के जिन गांवों तक नहीं पहुंच पा रहा है, वे गांव इसके सबसे नजदीक के गांव हैं।
गौरतलब है कि सड़क पर चक्काजाम की सूचना जैसे ही राजगढ़ कोतवाली थाने तक पहुंची। वैसे ही कोतवाली थाने की पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन वे नहीं माने लगभग आधे घंटे से अधिक समय के पश्चात मोहनपुरा सिंचाई परियोजना के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों सहित पूर्व विधायक को तीन दिनों में समस्या हल करने का आश्वासन दिया गया, जिसके पश्चात उन्होंने धरना खत्म किया गया। वहीं, उन्होंने संबंधित विभाग को कड़े शब्दों में चेतावनी भी दी है।