फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP News: वीडियो जारी कर युवक ने राजगढ़ पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए, अब उसी के खिलाफ थाने पहुंचे लोग, जानें मामला

Thu, 05 Dec 2024 07:42 AM IST
राजगढ़ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, राजगढ़

राजगढ़ जिले की बोड़ा पुलिस पर बोड़ा थाना क्षेत्र के एक दलित युवक दीपक मालवीय ने बीते दिनों गंभीर आरोप लगाए थे। पुलिस ने इन आरोपों को निराधार बताया था। इधर, बुधवार को युवक और उसके आसपास के गांव के कुछ ग्रामीण थाने पहुंच गए और झूठा वीडियो जारी कर अशांति फैलाने वाले दीपक मालवीय के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की।

बता दें कि बीते दिनों सोशल मीडिया पर दीपक मालवीय का एक वीडियो एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर वायरल हुआ था, जिसमें वह बोड़ा थाना पुलिस पर मारपीट, पेशाब करने और गुप्तांग में पेट्रोल डालने के आरोप लगा रहा था। इस वीडियो को नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस विधायक उमंग सिंघार ने भी साझा कर राजगढ़ पुलिस पर सवाल खड़े किए थे। वायरल वीडियो के बाद नरसिंहगढ़ एसडीओपी उपेंद्र सिंह भाटी ने उक्त आरोपों का खंडन करते हुए इसे निराधार बताया था।

बुधवार को दीपक मालवीय के खिलाफ उसके और आसपास गांव के कुछ ग्रामीण एकत्रित होकर बोड़ा थाने पहुंचे। यह सभी ग्रामीण दीपक से परेशान थे। उन्होंने गांव में अशांति फैलाने वाले दीपक मालवीय के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि दीपक ने पूर्व में भगवान पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए पोस्ट डाली थी और बंजारा समाज के एक कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न किया था। हाल ही में सोशल मीडिया पर उसकी एक पोस्ट वायरल हो रही है, जिसे राजनीतिक लोगों ने बढ़ावा दिया है। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे राजनेताओं से हम आग्रह करते हैं कि पहले किसी भी प्रकरण की जांच कर लें, उसके बाद ही किसी के समर्थन में पोस्ट करें। क्योंकि आप एक जिम्मेदार पद पर हैं, इसलिए बिना जांच-पड़ताल के समर्थन में पोस्ट न करें। बंजारा समाज भी गरीब समाज है और ऐसे मामलों में उसे भी न्याय चाहिए।

बोड़ा थाना प्रभारी रामकुमार भगत ने कहा कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने वाले दीपक मालवीय के खिलाफ ग्रामीणों ने अशांति फैलाने संबंधी शिकायती ज्ञापन दिया है। मामले की जांच कर कार्रवाई करेंगे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें