गुना जिले के म्याना थाना क्षेत्र के अंतर्गत पदमनखेड़ी गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसमें मृतक महिला के मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष के 8 लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं और हत्या करने का संदेह जताया है। बताया जा रहा है कि मृतक महिला दो माह की गर्भवती थी।
जानकारी सामने आई है कि पदमखेड़ी निवासी मनीष यादव की पत्नी पूनम उर्फ गौरी यादव का शव शनिवार दोपहर करीब 3 बजे के लगभग उसके पति और कुछ रिश्तेदारों ने फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से पूनम के शव को फंदे से नीचे उतारा गया और पुलिस को सूचना दी गई। घटनाक्रम की जानकारी मिलने पर पदमनखेड़ी पहुंचे खतौरा निवासी पूनम के मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का संदेह जताया। उन्होंने पुलिस को बताया कि पूनम का विवाह 21 मई 2023 को मनीष के साथ हुआ था। पूनम दो माह की गर्भवती थी। उसे पिछले 6 महीनों से पूनम के ससुराल पक्ष में शामिल 8 लोगों द्वारा परेशान किया जा रहा था। हाल ही में पूनम के दोनों भाइयों के साथ ससुराल पक्ष द्वारा मारपीट की गई, जिसके बाद महिला और ज्यादा परेशान रहने लगी। इसी बीच 31 अगस्त को उसका शव संदिग्ध हालत में पाया गया।
साथ ही यह भी बताया जा रहा है कि पूनम के गले में फंदा होने के बावजूद उसके पैर जमीन पर टिके हुए थे। मौके की परिस्थितियों को देखकर मायके पक्ष द्वारा पुलिस से हत्या का मुकद्दमा दर्ज करने की मांग की गई है। फिलहाल रविवार को गुना जिला अस्पताल में पूनम यादव के शव का पोस्टमार्टम कराया गया और परिजनों को सौंप दिया गया है,वही पुलिस मामले की जांच कर रही है।