राजगढ़ जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र में में पुलिस अवैध गतिविधियों में लिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई को अंजाम दे रही है। आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका जुलूस भी निकाला जा रहा है, जिसके अलग अलग वीडियो सामने आए हैं।
बता दें कि हाल ही में राजगढ़ जिले में पनप रहे अवैध काले कारोबार के स्टिंग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। जिसमें खुलेआम जुआ, सट्टा और शराब बेची जा रही थी। जो पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े कर रहे थे।
ऐसे में बीते दो दिनों से जारी राजगढ़ पुलिस की कार्रवाई में लगभग 15 से 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और उनका जुलूस भी निकाला जा रहा है। जिसमें वे अपना गुनाह कुबूल करते हुए उसे पाप बता रहे हैं और पुलिस हमारी बाप है का नारा लगाते हुए नजर आ रहे है।
वहीं बीते माह लाठी डंडे और पत्थर से पुलिस पर हमला करने वाले आरोपियों के विरुद्ध भी शुक्रवार को राजगढ़ जिले की पुलिस ने गांव में घुसकर कार्रवाई को अंजाम दिया और उनके अवैध शराब के ठिकाने पर बुलडोजर चलाने की भी कार्रवाई की गई है। इसके अतिरिक्त पुलिस ने पत्थर फेंकने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया और गांव में ही उसका जुलूस भी निकला। जिसमें उसने उसका अंजाम भी बताया कि यदि ऐसा करोगे तो मेरे जैसा हाल होगा।
बता दें कि बीते माह राजगढ़ पुलिस के साथ हुआ था, जब पुलिस गुलखेड़ी गांव में चोरों को पकड़ने के लिए गांव पहुंची तो यहां के ग्रामीणों ने पुलिस पर ही लाठी डंडे और पत्थरों से हमला बोल दिया और मौके से फरार हो गए। गौरतलब है कि उक्त समुदाय के लोग चोरी के साथ साथ अवैध रूप से शराब का निर्माण भी करते हैं, ऐसे में पुलिस ने शुक्रवार को गांव में उनके अवैध शराब के ठिकानों पर दबिश दी और उन पर बुलडोजर चला दिया।