राजगढ़ जिले में मृत बंदरो के अंतिम संस्कार के कई मामले तो आपने देखे ही है, लेकिन रविवार को मृत बंदर की अंतिम यात्रा का एक अनोखा मामला सामने आया है, जिसमे ग्रामीण डीजे की धुन पर बजते हुए भजनों पर नाचते हुए बंदर को एक मनुष्य की तरह से कंधा देकर शमसान तक अंतिम एम संस्कार के लिए ले जाते हुए नजर आ रहे है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा घटनाक्रम रविवार की सुबह जीरापुर ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले तामोलिया गांव का है, जहां के ग्रामीणों को एक बंदर मृत अवस्था में दिखाई दिया, जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हुई और ग्रामीणों ने मृत बंदर का हिंदू रीति रिवाज के साथ अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया, जिसकी तैयारी में पूरा गांव जुट गया और डीजे पर भजन कीर्तन पर नृत्य करते हुए ग्रामीण मृत बंदर का अंतिम संस्कार करने के लिए उसकी अंतिम यात्रा शमसान तक ले गए और हिंदू रीति रिवाज के साथ उसका अंतिम संस्कार किया गया।
वहीं गांव के लोगों ने एक वीडियो के माध्यम से यह भी बताया कि ये हमारे लिए बड़े ही दुख की घड़ी है। हमारी ग्राम पंचायत तामोलिया में एक बंदर का देहांत हो गया है, जिसका अंतिम संस्कार का यह कार्यक्रम सर्व सहमति से सभी ग्रामीणजनों के द्वारा व्यवस्था करते हुए किया गया। साथ ही कहा कि,वानर के अंतिम संस्कार के पश्चात 2 मिनट का मौन धारण करके वानर की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करेंगे। गौरतलब है कि राजगढ़ जिले में मृत बंदरों के अंतिम संस्कार का यह कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि इसके पूर्व में भी कई मामले सामने आ चुके है, लेकिन डीजे पर नाचते गाते हुए यह संभवतः पहला मामला प्रतीत हो रहा है।