राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ नगर में बुधवार को नोटों की कतरन से भरा एक थैला मिलने का मामला सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें अलग-अलग राशि की भारतीय मुद्राएं मौजूद है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आखिर यह असली नोटो की कतरन है या नकली और इसे कौन और कब यहां डालकर गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को नरसिंहगढ़ नगरपालिका के कर्मचारियों के द्वारा नरसिंहगढ़ नगर के सुभाष चौक में अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई की जा रही थी। उसी दौरान उनकी नजर एक संदिग्ध थैले पर पड़ी, जिसके बारे में आसपास के लोगों से जानकारी हासिल करने के पश्चात उन्होंने जब उसे खोलकर देखा तो सबके होश उड़ गए। क्योंकि उक्त थैले में भारतीय मुद्रा के नोटो की कतरन थी, जिसकी सूचना उनके द्वारा अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। जिसके बाद अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस को अवगत कराया और नोटों की कतरन से भरे हुए ठेले को पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
वहीं उक्त मामले में नरसिंहगढ़ थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान का कहना है कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि जैसे नोटो की कतरन की कटिंग किसी मशीन से की गई है, जो किसी व्यक्ति विशेष के द्वारा कर पाना मुश्किल है। इसी वजह से ये भी बता पाना मुश्किल है कि कतरन असली नोटो की है या नकली नोटो की। फिलहाल हमने थैले को अपने कब्जे में लिया है और मामले की जांच कर रहे है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रहे है।