मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में सोमवार की दोपहर में उस समय बवाल मच गया जब लोगों की भीड़ ठेले पर मनिहारी की दुकान लगाने वाले एक अधेड़ पर नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए पीट दिया। लोग आरोपी को पीटते हुए थाने ले गए और पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस दौरान लोगों ने आरोपी पर त्वरित कार्रवाई की मांग की गई और जमकर हंगामा किया गया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित बीएनएस की अन्य धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक ब्यावरा शहर के गली मोहल्ले में घूमकर महिलाओं से संबंधित फैंसी बुंदे, कान के टॉप्स आदि बेचने वाले अधेड़ उम्र के मुबारिक मंसूरी पर आरोप है कि उसने एक किशोरी के साथ छेड़छाड़ की। जिससे गुस्साए मोहल्ले के लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी और उसे पीटते हुए थाने तक ले गए। इस दौरान जिस मोहल्ले में आरोपी का ठेला खड़ा हुआ था, उसे वहां के स्थानीय लोगों ने लूट लिया और उसका सामान उठाकर ले गए, जिसके वीडियो फुटेज भी सामने आए हैं।
घटना की सूचना लगते ही हिंदू संगठन के लोग भी थाने पर एकत्रित हो गए और आरोपी के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करने की मांग करते हुए थाने का घेराव कर दिया। लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट सहित बीएनएस की अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज करते हुए उसे हिरासत में ले लिया। मामला गंभीर होने के चलते एसपी आदित्य मिश्रा भी ब्यावरा पहुंचे, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद नगर का माहौल शांत हो चुका था।
मामले को लेकर स्थानीय महिला और पुरुषों ने कहा कि आरोपी के द्वारा पूर्व में भी इस तरह की हरकतें की जा चुकी हैं। लेकिन, बदनामी के डर से लोग आगे नहीं आए, लेकिन आरोपी के द्वारा इस बार की गई हरकत के बाद लोगों के सब्र का बांध टूट गया और उसकी जमकर पिटाई भी कर दी गई। ब्यावरा एसडीओपी नेहा गौर का कहना है कि एक किशोरी और उसके परिजनों के द्वारा शिकायत दर्ज करवाई गई है कि 60 वर्षीय व्यक्ति मुबारिक मंसूरी के द्वारा किशोरी के साथ छेड़छाड़ की गई है। केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।