फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rajgarh News: राजगढ़ में दलित युवक की मौत के बाद परिजनों का थाने में हंगामा,पुलिस और दबंगों पर लगाए गंभीर आरोप

Fri, 06 Dec 2024 09:04 AM IST
राजगढ़ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, राजगढ़

राजगढ़ जिले के तलेन थाना क्षेत्र में रहने वाले एक दलित युवक की मौत के बाद गुरुवार की रात परिजनों ने शव को थाने में रखकर हंगामा किया। इस दौरान पुलिस और दबंगों पर गंभीर आरोप लगाए गए।

जानकारी के अनुसार, तलेन थाना क्षेत्र के बनापुरा गांव निवासी मृतक राहुल वर्मा पिता गणेश वर्मा के भाई ने आरोप लगाया कि 3 दिसंबर को मजदूरी को लेकर हुए विवाद में गांव के दो व्यक्तियों राकेश और अर्जुन पाटीदार ने राहुल के साथ मारपीट की। इसकी शिकायत लेकर जब वह थाने गया तो पुलिस ने भी उसकी कोई सुनवाई नहीं की, बल्कि उसके साथ ही मारपीट कर दी। घटना के बाद गुरुवार को राहुल के पेट में अचानक दर्द हुआ। बाद में शाजापुर के अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

गुरुवार की रात मृतक के परिजन शव को लेकर तलेन थाने पहुंचे और दबंगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने थाने में हंगामा किया। पुलिस द्वारा समझाइश देने के बाद परिजन शव लेकर घर लौट गए।
 
घटनाक्रम के बाद राजगढ़ एसपी ने देर रात प्रेस नोट जारी कर आरोपों का खंडन किया। उन्होंने कहा कि 3 दिसंबर को मृतक राहुल वर्मा के खिलाफ ग्रामीणों ने शराब के नशे में अभद्रता करने की शिकायत की थी। घटना के दिन का वीडियो भी प्राप्त हुआ है, जिसमें मृतक के घरवाले उसे सड़क से घर की ओर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में राहुल राह चलते लोगों से भी अभद्रता करता दिखा।

उस दिन राहुल का मेडिकल परीक्षण कराया गया था, जिसमें डॉक्टर ने अत्यधिक शराब का सेवन करने की पुष्टि की थी। गुरुवार को पेट दर्द की शिकायत पर राहुल इकलेरा अस्पताल गया, लेकिन शाजापुर के अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। तलेन थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। एसपी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें