राजगढ़ जिले के एक युवक ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर लाइव आकर मौत को गले लगा लिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वहीं पुलिस मर्ग कायम करते हुए मामले की जांच कर रही है और जांच के पश्चात आगे की कार्रवाई करने की बात कही जा रही है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला रविवार की देर शाम जिले के पचोर थाना क्षेत्र का है। वीडियो में नजर आ रहे शख्स का नाम बालमुकुंद है, जोकि जीरापुर थाना क्षेत्र के झाड़माऊ गांव का निवासी है। जो वीडियो के माध्यम से अपनी पत्नी की बेवफाई का जिक्र करते हुए रेलवे ब्रिज से ट्रेन के नीचे आकर ब्रिज से कूद गया। घायल अवस्था में उसे पचोर के सामुदायिक स्वास्थ केंद्र लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के पश्चात उसे राजगढ़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वायरल वीडियो के मुताबिक मृतक बालमुकुंद का आरोप है कि उसकी पत्नी ने उसका प्लॉट और उसकी जमीन वगैरह सब कुछ बिकवा दिया और अब वो किसी अन्य समाज के व्यक्ति के साथ रह रही है। उसके साथ मारपीट करवाई जाती है, जिसके संबंध में वह कार्रवाई चाहता है। वीडियो बनाने के कुछ देर के बाद ही ट्रेन आई और वह ट्रेन के नीचे आकर पुल से नीचे गिर गया और गंभीर घायल हो गया। जिसके बाद उसे अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
उक्त मामले में पचोर थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा से फोन पर बात की गई तो उन्होंने कहा कि बालमुकुंद नाम का व्यक्ति गंभीर घायल अवस्था में नेवज नदी के पुल के नीचे मिला था। जिसे राजगढ़ रेफर किया गया था, जहां इलाज में दौरान उसकी मृत्यु हो गई। जिसमे हमने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है और आगामी कार्रवाई की जा रही है।