फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panna News: पन्ना के सिमरिया में पागल कुत्ते का कहर, एक दिन में छह बच्चों पर हमला, पूरे इलाके में दहशत

Thu, 19 Mar 2026 10:44 PM IST
पन्ना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पन्ना

पन्ना जिले के सिमरिया कस्बे में आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक पागल कुत्ते ने अचानक कई मासूम बच्चों पर हमला कर दिया। इस खौफनाक घटना में एक ही दिन में करीब आधा दर्जन बच्चे घायल हो गए हैं। कुत्ते के हमले के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग अपने बच्चों को घरों से बाहर निकालने से डर रहे हैं।

दरअसल, सिमरिया कस्बे में सुबह से ही एक आक्रामक कुत्ता इधर-उधर घूम रहा था और अचानक राह चलते लोगों, खासकर बच्चों पर झपटने लगा। देखते ही देखते इस कुत्ते ने 6 मासूमों को अपना शिकार बना लिया। हमले में अयान खान (9 वर्ष), ऋषिका वर्मा (6 वर्ष) और प्रिंस वर्मा (12 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन तत्काल घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीन बच्चों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय पन्ना रेफर कर दिया। अन्य बच्चों का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है।

ये भी पढ़ें- भोपाल के हमीदिया अस्पताल में लापरवाही, मृत घोषित नवजात में दिखी हरकत, परिजनों ने उठाए गंभीर सवाल

लोगों में आक्रोश और दहशत
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुत्ता बेहद खतरनाक और आक्रामक हो चुका है। वह सामने आने वाले हर व्यक्ति पर हमला कर रहा है। अचानक हुए इस हमले से पूरे इलाके में भय का माहौल है। परिजन अपने बच्चों को घरों के अंदर ही रखने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और नगर परिषद पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि आवारा कुत्तों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अब जब यह घटना हुई है, तब लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

ग्रामीणों की मांग है कि इस खूंखार कुत्ते को जल्द से जल्द पकड़ा जाए और इलाके में घूम रहे अन्य आवारा कुत्तों पर भी नियंत्रण किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
घायल की मां मीना बेगम ने कहा कि हमारा बच्चा बाहर खेल रहा था, तभी कुत्ता अचानक आया और हमला कर दिया। हम बहुत डर गए हैं, प्रशासन से मांग है कि इसे जल्द पकड़ा जाए। वहीं घायल बालक अयान खान का कहना है कि “मैं बाहर खेल रहा था, तभी कुत्ता आया और काट लिया… बहुत दर्द हो रहा है।”

लोगों की प्रशासन से अपील
लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि लगातार आक्रामक हो रहे इस पागल कुत्ते को तुरंत ही पकड़ा जाए नहीं तो यह और भी लोगों को काटेगा। हालांकि अभी तक नगर परिषद ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है और ना ही कुत्ते को पकड़ा जा सका है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें