पन्ना जिले में दशहरा पर्व पर दुर्गा विसर्जन के दौरान गुरुवार शाम बड़ा हादसा हो गया। पवई थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहंद्रा मार्ग पर खमरिया मोड़ के पास विसर्जन जुलूस में अचानक तेज रफ्तार बोलेरो घुस गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 25 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से आठ की हालत नाजुक बताई जा रही है।
ग्राम खमरिया में दशहरा पर्व पर परंपरा के अनुसार ग्रामीण शाम के समय दुर्गा मां की प्रतिमा लेकर तालाब की ओर विसर्जन के लिए रवाना हुए थे। लगभग सात बजे जैसे ही जुलूस खमरिया मोड़ पर पहुंचा, पवई की ओर से आ रही बोलेरो कार ने पहले सड़क पर चल रहे मोटरसाइकिल सवारों को टक्कर मारी और फिर सीधे भीड़ में घुस गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि लोग संभल ही नहीं पाए। चीख-पुकार और भगदड़ मच गई।
ये भी पढ़ें- दवा ही दे रही मौत! क्या 'कफ सिरप' में है इंजन और ग्रीस वाला केमिकल? किडनी कर रहा फेल
घायल तुरंत अस्पताल पहुंचे
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने घायलों को पवई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को कटनी रेफर किया, जबकि अन्य घायलों को पन्ना जिला अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि कई घायल अब भी जीवन-मृत्यु से जूझ रहे हैं।
प्रशासन और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे
सूचना मिलते ही पन्ना पुलिस अधीक्षक दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। वहीं पवई विधायक प्रह्लाद लोधी भी रात में पवई अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज के लिए कटनी व पन्ना जिला प्रशासन से समन्वय कर विशेष इंतजाम कराने की बात कही।
ये भी पढ़ें- किडनी फेल होने से 20 दिन में नौ बच्चों की मौत, दो कफ सिरप बैन; जिम्मेदारों को 'खुराक' कब?
ड्राइवर हिरासत में
घटना के बाद बोलेरो चालक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ जारी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा लापरवाही से हुआ या चालक नशे की हालत में था। हादसे के बाद गांव और आसपास के इलाकों में गुस्सा और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि विसर्जन जैसे बड़े आयोजनों में प्रशासन को ट्रैफिक व्यवस्था पहले से करनी चाहिए थी। यदि समय रहते व्यवस्था होती तो यह हादसा टाला जा सकता था।