फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बेटे ने मचाया तांडव: जमीन के लिए पिता को लाठियों से पीटा, भाई-बहन को भी नहीं बख्शा

Thu, 14 May 2026 11:08 PM IST
पन्ना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पन्ना

रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहां के ग्राम उमरिया डूडी में जमीन और मकान के बंटवारे को लेकर उपजा विवाद इतना गहरा गया कि एक बेटे ने अपने ही जन्मदाता पर जानलेवा हमला कर दिया। जिस पिता ने उंगली पकड़कर चलना सिखाया, आज उसी पिता को बेटे की लाठियां सहनी पड़ीं।

पंचायत बनी 'रणभूमि'
घायल पिता रामलाल प्रजापति के अनुसार, गुरुवार दोपहर घर में जमीन-जायदाद के बंटवारे को लेकर सामाजिक पंचायत बैठी थी। परिवार के सदस्य और ग्रामीण बैठकर सुलह की कोशिश कर रहे थे, लेकिन आरोपी बेटे बृजेश प्रजापति के सिर पर खून सवार था। बातचीत के दौरान ही विवाद बढ़ा और आरोपी ने अपने पिता राम लाल प्रजापति पर लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

ये भी पढ़ें- हल्दी की रस्म के बाद दुल्हन की मौत, पहले होठों पर आई सूजन, फिर सांस लेने में होने लगी थी परेशानी

बीच-बचाव करने आए भाई-बहन पर भी हमला
घर के आंगन में मचे इस कोहराम को शांत करने के लिए जब छोटा भाई बृजेंद्र प्रजापति आगे आया, तो आरोपी ने उसकी छाती पर जोरदार लात मारकर उसे जमीन पर गिरा दिया। इतना ही नहीं, बीच-बचाव कर रही बहन ज्योति प्रजापति के साथ भी मारपीट की गई और उसे थप्पड़ जड़ दिए गए। देखते ही देखते सुलह के लिए बुलाई गई पंचायत रणभूमि में तब्दील हो गई।

गांव में आक्रोश, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
इस शर्मनाक करतूत के बाद पूरे उमरिया डूडी गांव में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि संस्कारों को ताक पर रखकर की गई यह हिंसा बर्दाश्त के बाहर है। वहीं थाना प्रभारी, शाहनगर परसुराम डाबर का कहना है कि मामला हमारे संज्ञान में आया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरी गंभीरता से घटना की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें