नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भामा में एक पालतू कुत्ते की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। कुत्ते के मालिक ने गांव के ही एक व्यक्ति पर करंट लगाकर कुत्ते को मारने का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी मदन केवट अपने पालतू कुत्ते का शव हाथों में लेकर परिवार के साथ तेंदूखेड़ा थाने पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि आपसी विवाद के कारण गांव के कन्हैया केवट ने उनके कुत्ते को बिजली का करंट लगाकर मौत के घाट उतार दिया। मृत कुत्ते का शव लिए परिजन थाने में काफी देर तक बैठे रहे और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते रहे।
ये भी पढ़ें- गजब है: 38 साल की महिला ने दिया दसवें बच्चे को जन्म, पति बोला अब करा लेंगे ऑपरेशन, पहले बेटे की उम्र 17 साल
कुत्ते की मौत से दुखी मालिक ने कहा कि पालतु जानवर परिवार के सदस्य की तरह होता है और उसकी हत्या करने वालों को जेल भेजा जाना चाहिए। वहीं तेंदूखेड़ा पुलिस ने शिकायत के आधार पर कुत्ते के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी बीएल त्यागी ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला जांच में लिया गया है। कुत्ते की मौत का कारण, करंट लगना था या कोई अन्य वजह, यह रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। साथ ही कुत्ते के मालिकाना हक और घटनास्थल की परिस्थितियों की भी पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।