फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इटारसी में दिनदहाड़े हमला: 15 बदमाशों ने युवक को घेरकर बेरहमी से पीटा, किन्नर गुट विवाद का शक; जानें मामला

Tue, 05 May 2026 07:13 PM IST
नर्मदापुरम ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नर्मदापुरम

नर्मदापुरम जिले के इटारसी स्थित चामुंडा चौराहे के पास मंगलवार को दिनदहाड़े उस समय सनसनी फैल गई, जब एक चाय की दुकान पर बैठे युवक पर अचानक 15 से अधिक बदमाशों ने हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी आरोपी एक स्कॉर्पियो वाहन में सवार होकर पहुंचे और उतरते ही बिना किसी बातचीत के युवक पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। कुछ ही क्षणों में पूरा इलाका चीख-पुकार से गूंज उठा। हमलावरों ने युवक को घेरकर बेरहमी से पीटा और तब तक मारते रहे, जब तक वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर नहीं गिर पड़ा। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि मौके पर मौजूद लोग डर के कारण दूर खड़े रहे। घायल युवक की पहचान सतीश कतिया के रूप में हुई है, जो किन्नर समुदाय के एक गुट से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद सतीश को गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। इसी बीच घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह हमलावर बेखौफ होकर युवक पर लगातार हमला कर रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।

पढ़ें: एमपी में बनेगा‘राज्य व्यापारी कल्याण बोर्ड’, निर्यात बढ़ाने जिला स्तर तक कमेटियां मामले में पिंकी किन्नर ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सुंदर भदौरिया अपने करीब 10 साथियों के साथ पहले से ही हमले की योजना बनाकर आया था। उनके अनुसार, आरोपी सुबह से ही इलाके में घूम रहे थे और मौके की तलाश में थे। जैसे ही मौका मिला, उन्होंने वारदात को अंजाम दे दिया। पिंकी किन्नर ने यह भी आरोप लगाया कि हमला रेशम किन्नर गुट के लोगों द्वारा किया गया है, जिनके बीच लंबे समय से आपसी रंजिश और वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा है। वहीं, डॉक्टरों के अनुसार सतीश की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन उसे गंभीर चोटें आई हैं। उसके हाथ में छह जगह फ्रैक्चर हैं और सिर पर गहरे घाव के निशान हैं। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहां से उसे रेफर कर दिया गया है। उधर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें