फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Morena News: मुरैना में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, ताबड़तोड़ फायरिंग में दो की मौत, तीन लोग हुए घायल

Sun, 02 Aug 2026 06:12 PM IST
मुरैना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरैना

मुरैना जिले में जमीन के पुराने विवाद ने रविवार को खूनी रूप ले लिया। थाना सुमावली क्षेत्र के ग्राम हटूपुरा में गुर्जर समाज के दो परिवारों के बीच हुए विवाद के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार, हटूपुरा गांव में जमीन को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद रविवार को फिर भड़क उठा। दोनों पक्ष आमने-सामने आए और देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान दोनों ओर से गोलियां चलीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

फायरिंग में एक पक्ष के पांच लोग घायल हुए। इनमें दो लोगों की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विक्की पुत्र अजब सिंह गुर्जर (28 वर्ष) और धीरेंद्र पुत्र रामजीलाल गुर्जर (50 वर्ष) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल मुरैना से ग्वालियर रेफर किया गया है। अन्य घायल का उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही सुमावली थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हालात को नियंत्रित करते हुए पूरे गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के पीएम हाउस भेज दिया गया है।

पढ़ें:  '18 साल से कम के लिए नहीं'...फिर भी स्कूल में चला दी फिल्म, सीएम हेल्पलाइन तक पहुंच गया मामला

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात के पीछे जमीन का पुराना विवाद मुख्य वजह है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

दोहरी हत्या की इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें