पर्यटन के लिए मशहूर भानपुरा का कंवला जलप्रपात (मिनी गोवा) रविवार दोपहर एक दुखद हादसे का गवाह बन गया। जलक्रीड़ा के दौरान गहरे पानी में चले जाने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक बाल-बाल बच गया।
मृतक की पहचान चेतन पिता पुत्र सुरेश, उम्र 25 वर्ष, निवासी कोटा (राजस्थान) के रूप में हुई है। वहीं दूसरा युवक सोनू पिता मोहन यादव, निवासी केशवपुर (म.प्र.) बताया गया है। दोनों युवक जलप्रपात के पानी में तैरते हुए गहरे हिस्से में चले गए। वहां का जल स्तर अधिक होने के कारण चेतन की मौके पर ही डूबने से मौत हो गई, जबकि सोनू को आसपास मौजूद पर्यटकों और पुलिस की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
ये भी पढ़ें- सड़क दुर्घटना में दो चचेरे भाइयों की मौत, बाइक को सामने से आ रही कार ने मारी टक्कर
सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। मृतक का शव पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद सभी पर्यटकों को बाहर निकालकर कंवला स्थल को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। थाना भानपुरा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक तौर पर यह हादसा जल में गहराई का अनुमान न लगा पाने के कारण हुआ माना जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भानपुरा अस्पताल भेजा गया है।
बड़ी संख्या में पहुंचते हैं पर्यटक, सुरक्षा के नहीं हैं इंतजाम
मंदसौर जिले की भानपुरा तहसील के ग्राम कंवला जो कि पिछले कुछ वर्षों से मिनी गोवा के नाम से पहचाना जाने लगा है। यहां गांधीसागर डेम के बेक वाटर का नजारा देखते ही बनता है। इस प्राकृतिक नजारे को निहारने मानसून और गर्मी के दिनों में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने के बावजूद भी प्रशासन द्वारा यहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए। यही कारण है कि यहां हादसों का डर हमेशा बना रहता है। उसके बावजूद भी लापरवाह पर्यटक गहरे पानी में चले जाते हैं।