भावगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम नांदवेल में लुटेरी दुल्हन द्वारा एक परिवार को निशाना बनाए जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लुटेरी दुल्हन सहित गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जबकि इस पूरे प्रकरण का मुख्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार फरियादी सत्यनारायण से पूछताछ में सामने आया कि उसकी शादी ग्राम नांदवेल निवासी रमेशसिंह के माध्यम से वाराणसी निवासी बबलू के जरिए ज्योति नामक युवती से कराई गई थी। शादी के करीब 20 दिन बाद ही ज्योति ने सास-ससुर, पति सहित परिवार के नौ सदस्यों को खाने में जहरीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया और घर में रखी नकदी व जेवर लेकर फरार हो गई।
ये भी पढ़ें- Who is Vijay Shah: सीएम की बहनों को धमकाने वाले मंत्री शाह का विवादों से पुराना नाता, इन बयानों ने कराई फजीहत
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ज्योति पिता कैलाश राय निवासी जोगापुरा की तलाश शुरू की। वह दिए गए पते पर नहीं मिली, जिसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से दबिश देकर उसे अन्य स्थान से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से चोरी किए गए जेवरात और नकद राशि बरामद की गई। पूछताछ में ज्योति ने बताया कि उसकी शादी बबलू के माध्यम से कराई गई थी और इसमें अन्तिमा पति प्रदीप राय निवासी पंचकोसी, वाराणसी की भूमिका भी रही। इसके बाद पुलिस ने अन्तिमा पति प्रदीप राय को भी गिरफ्तार कर लिया। साथ ही नांदवेल निवासी रमेशसिंह को भी मामले में आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार किया गया। मुख्य आरोपी बबलू निवासी गोरखपुर, उत्तरप्रदेश अभी फरार है।
20 दिन पहले हुई थी शादी, परिवार को बनाया शिकार
जानकारी के अनुसार 20 नवंबर को नांदवेल निवासी परिवार में बेटे की शादी वाराणसी की ज्योति से हुई थी। शादी के बाद ज्योति ने अपने व्यवहार से पूरे परिवार का भरोसा जीत लिया। 10 दिसंबर की सुबह उसने सभी नौ सदस्यों को नशीला पदार्थ मिला भोजन कराया। बेहोश होने पर वह नकदी, सोने-चांदी के जेवर और कीमती सामान लेकर फरार हो गई। पीड़ितों को पहले भावगढ़ अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल मंदसौर में भर्ती कराया गया था।