फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maihar News : हाइवा ने कार को मारी टक्कर, दो गंभीर घायल, आक्रोशित लोगों ने हाइवा में लगाई आग

Sun, 20 Apr 2025 05:14 PM IST
मैहर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मैहर

मैहर जिले के अमरपाटन में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक हाइवा वाहन में आग लगने की खबर पुलिस को मिली। हालांकि, पुलिस ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। लेकिन, इस बीच नगर परिषद की व्यवस्थाओं की पोल भी खुल गई।

दरअसल, अमरपाटन थाना क्षेत्र के ग्राम बर्रेह बड़ा के पटला टोला में रात करीब 11 बजे एक कार और हाइवा के बीच भिड़ंत हो गई। टक्कर से कार सड़क से करीब 10 फीट नीचे जाकर गिरी। हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अमरपाटन के सिविल अस्पताल भेजा गया, हालत गंभीर होने के कारण कार चालक को प्राथमिक उपचार के बाद संजय गांधी मेडिकल कॉलेज रीवा रेफर कर दिया गया।  

इधर, हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों में से किसी अज्ञात व्यक्ति ने हाइवा में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही अमरपाटन पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। लेकिन, दमकल वाहन के देर से पहुंचने पर थाना प्रभारी ने अपने स्टाफ और ग्रामीणों की मदद से डब्बे-बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाया। इससे समय रहते आग बुझा दी गई और हाइवा पूरी तरह से जलने से बचा गया।

एसपी सुधीर अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुधीर अग्रवाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का मुआयना किया। उन्होंने घायलों की स्थिति की जानकारी ली और वाहन मालिक से भी पूछताछ की। साथ ही आक्रोशित ग्रामीणों को समझाइश देकर थाना प्रभारी को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।  पुलिस अधीक्षक ने आग बुझाने में साहस दिखाने वाले आरक्षक को पुरस्कार देने की भी बात कही है।

जांच की जा रही है
अमरपाटन टीआई के पी त्रिपाठी ने बताया कि देर रात सड़क दुर्घटना और आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने अपने स्टाफ और ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
   

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें