मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र अंतर्गत धतुई गांव में 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला गीता अग्निहोत्री की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस जघन्य वारदात को मृतका की ही बहन के नाती ने अंजाम दिया था। आरोपी की पहचान 22 वर्षीय राजकुमार उर्फ मिसरा के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार गीता अग्निहोत्री निःसंतान थीं। उनके पति की करीब आठ साल पहले मृत्यु हो चुकी थी, जिसके बाद वह गांव में अकेली रह रही थीं। उनके देवर और भतीजे रीवा में निवास करते हैं और समय-समय पर उनका हालचाल लेने गांव आते रहते थे।
फोन बंद होने पर हुआ खुलासा
31 जनवरी और 1 फरवरी को जब गीता अग्निहोत्री का मोबाइल फोन लगातार बंद मिला, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद देवर का बेटा धतुई गांव पहुंचा, जहां घर के आंगन में महिला का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही ताला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जमीन विवाद बना हत्या की वजह
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतका के नाम पर करीब पांच एकड़ कृषि भूमि दर्ज थी। इस जमीन पर उसकी बहन मानवती अग्निहोत्री के परिवार की नजर थी। आरोपी राजकुमार और उसके परिजनों ने जमीन को लेकर अमरपाटन न्यायालय में मुकदमा भी दायर कर रखा था, जिसका मृतका के देवर पक्ष द्वारा विरोध किया जा रहा था।
बयान से पहले रची गई साजिश
पुलिस के मुताबिक जमीन विवाद के मामले में गीता अग्निहोत्री का बयान न्यायालय में दर्ज होना था। आरोपी को आशंका थी कि बयान दर्ज होने के बाद जमीन उसके हाथ से निकल जाएगी। इसी कारण उसने हत्या की योजना बनाई।
ये भी पढ़ें- भारतीय रेलवे की स्प्रिंग फैक्ट्री में ब्लास्ट, पांच कर्मचारी झुलसे, तीन की हालत गंभीर
पूछताछ में कबूला जुर्म
संदेह के आधार पर पुलिस ने राजकुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि 31 जनवरी की सुबह वह गीता अग्निहोत्री के घर पहुंचा। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और उसने महिला की हत्या कर दी।
लूट की भी वारदात
हत्या के बाद आरोपी महिला के पैरों से चांदी की पायल और हाथ से अंगूठी निकालकर ले गया। घर पहुंचकर उसने खून से सने कपड़े बदले और सामान्य व्यवहार करता रहा। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कपड़े, चांदी की पायल और अंगूठी बरामद कर ली है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अन्य कानूनी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।