जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना मंडलेश्वर पुलिस ने सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 4 लाख 4 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपी पर चोरी और लूट सहित 17 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन अनुराग तथा पुलिस उप महानिरीक्षक निमाड़ रेंज सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इन्हीं निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शकुन्तला रुहल के मार्गदर्शन में थाना मंडलेश्वर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
घटना 3 जनवरी की है, जब ग्राम गुलावड़ निवासी भगवान के घर का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाशों ने अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना मंडलेश्वर में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
ये भी पढ़ें: Dhar News: भाजपा विधायक कालूसिंह ठाकुर को धमकाने वाला दंपती गिरफ्तार, लखनऊ से राउंडअप करके लाई पुलिस
चोरी की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान ग्राम खेरवा जागीर निवासी मोला अली पर संदेह होने पर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने की झुमकी, मंगलसूत्र, पेंडल, चांदी की पायल और कड़ी सहित कुल करीब 4 लाख रुपये मूल्य का सामान जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि उसका फरार साथी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोला अली पिता कालू खान (23), निवासी ग्राम खेरवा जागीर, थाना मनावर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ मेनगांव, कसरावद, महेश्वर, अंजड़, देवास सहित विभिन्न जिलों में चोरी और लूट के 17 प्रकरण दर्ज हैं। इस कार्रवाई में एसडीओपी मंडलेश्वर श्वेता शुक्ला के मार्गदर्शन में थाना मंडलेश्वर पुलिस और साइबर सेल की टीम का सराहनीय योगदान रहा।